एजेंसी न्यूज

आयकर विभाग ने दैनिक भास्कर मीडिया समूह, उप्र के समाचार चैनल के परिसरों पर छापे मारे

आयकर विभाग ने कर चोरी के आरोपों में दो प्रमुख मीडिया समूहों - ‘दैनिक भास्कर’ और उत्तर प्रदेश के हिंदी समाचार चैनल ‘भारत समाचार’ के विभिन्न शहरों में स्थित परिसरों पर बृहस्पतिवार को छापे मारे.

आयकर विभाग ने दैनिक भास्कर मीडिया समूह, उप्र के समाचार चैनल के परिसरों पर छापे मारे
Income Tax (Fil Photo)

नयी दिल्ली, 22 जुलाई : आयकर विभाग (Income Tax) ने कर चोरी के आरोपों में दो प्रमुख मीडिया समूहों - ‘दैनिक भास्कर’ और उत्तर प्रदेश के हिंदी समाचार चैनल ‘भारत समाचार’ के विभिन्न शहरों में स्थित परिसरों पर बृहस्पतिवार को छापे मारे. आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दैनिक भास्कर के मामले में छापेमारी भोपाल, जयपुर, अहमदाबाद और कुछ अन्य स्थानों पर की जा रही है. उन्होंने बताया कि टीवी समाचार चैनल भारत समाचार समूह और उसके प्रवर्तकों एवं कर्मचारियों के लखनऊ स्थित परिसरों पर इसी तरह से छापेमारी की गई. विभाग या उसके नीति निर्माण निकाय केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) से छापेमारी के संबंध में किसी तरह की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है. सूत्रों ने बताया कि भास्कर समूह के खिलाफ की गई कार्रवाई में समूह के प्रवर्तकों के मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में स्थित आवासीय स्थानों पर भी छापे मारे जाना शामिल है.

केंद्रीय अर्धसैनिक बल- केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के सैनिकों और मध्य प्रदेश पुलिस के कर्मियों को भोपाल में आयकर टीमों को सुरक्षा देते देखा गया. दोनों मीडिया संगठन देश में कोविड-19 प्रबंधन की आलोचना करते रहे थे और अप्रैल-मई में देश को बुरी तरह प्रभावित करने वाली वैश्विक महामारी की दूसरी लहर के दौरान इस विषय पर कई खबरें की थीं. दैनिक भास्कर समूह विभिन्न राज्यों से हिंदी और गुजराती में समाचार-पत्रों के संस्करण प्रकाशित करता है. भारत समाचार टीवी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कहा कि “उसके प्रधान संपादक ब्रजेश मिश्रा, प्रदेश प्रमुख वीरेंद्र सिंह और कुछ कर्मचारियों के घरों तथा चैनल के कार्यालय” में छापेमारी की जा रही है. कांग्रेस नेता एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्विटर पर कहा कि आयकर विभाग के अधिकारी समूह के करीब छह परिसरों पर “मौजूद हैं”. इनमें राज्य की राजधानी भोपाल में प्रेस कॉम्प्लेक्स में स्थित समूह का कार्यालय भी शामिल है. यह भी पढ़ें : Mumbai: नई मुसीबत में पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह, 15 करोड़ की रिश्वत के मामले में FIR- 5 अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी शिकायत

सिंह ने ट्वीट किया, “पत्रकारिता पर मोदी शाह का प्रहार!! मोदी शाह का एक मात्र हथियार आईटी ईडी सीबीआई. मुझे विश्वास है अग्रवाल बंधु डरेंगे नहीं. दैनिक भास्कर के विभिन्न ठिकानों पर आयकर जांच शाखा की छापामार कार्रवाई शुरू....प्रेस कॉम्प्लेक्स सहित आधा दर्जन स्थानों पर मौजूद है आयकर की टीम.” छापेमारी पर प्रतिक्रिया देते हुए, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ये “मीडिया को डराने के प्रयास” हैं. उन्होंने एक ट्वीट में कहा, “उनका संदेश साफ है कि जो कोई भी भाजपा सरकार के खिलाफ बोलेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा. ऐसी सोच बहुत खतरनाक है. हर किसी को इसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए.” केजरीवाल ने कहा, “ये छापेमारी फौरन रुकनी चाहिए और मीडिया को स्वतंत्र रूप से काम करने देना चाहिए.”

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 22, 2021 01:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).