देश की खबरें | वर्ष 2024 में एयरलाइंस को बम की झूठी धमकियों के लिए 13 लोगों की गिरफ्तारी हुई: सरकार

नयी दिल्ली, तीन फरवरी सरकार ने सोमवार को कहा कि एयरलाइंस को बम की झूठी धमकियों के सिलसिले में वर्ष 2024 में 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा राज्यसभा में साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल एयरलाइंस को कुल 728 बम धमकियाँ मिलीं और उनमें से 714 घरेलू वाहकों को मिलीं।

नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) के आंकड़े पेश करते हुए, नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने कहा कि वर्ष 2024 में एयरलाइन परिचालकों को बम रखे होने की 728 फर्जी धमकियाँ मिलीं।

भारतीय एयरलाइनों में, इंडिगो को सबसे अधिक 216 बम धमकियाँ मिलीं, उसके बाद एअर इंडिया (179), विस्तारा (153), अकासा एयर (72), स्पाइसजेट (35), अलायंस एयर (26), एयर इंडिया एक्सप्रेस (19) और स्टार एयर (14) का स्थान रहा।

कुल आंकड़ों में विदेशी वाहकों को मिलीं 14 बम धमकियाँ शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल अमीरात और एयर अरबिया को क्रमशः पाँच और तीन ऐसी धमकियाँ मिलीं, जबकि एरोफ्लोट, एयर कनाडा, कैथे पैसिफिक, एतिहाद, नोक एयर और थाई लायन एयर को एक-एक धमकी मिली।

उन्होंने एक लिखित उत्तर में कहा, ‘‘वर्ष 2024 में फर्जी बम धमकियों के सिलसिले में कुल 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।’’

बीसीएएस ने ऐसे खतरों से निपटने के लिए मजबूत प्रोटोकॉल अनिवार्य किए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)