नयी दिल्ली, 17 जनवरी विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भारत की अध्यक्षता में हो रही जी-20 की बैठक को लेकर एक बयान दिया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के पिछले नौ वर्षों में वैश्विक स्तर पर देश की छवि पूरी तरह बदल गई है।
कार्यकारिणी की बैठक में ‘‘गरीब कल्याण’’ विषय पर भी एक बयान प्रस्तुत किया। इस बारे में जानकारी देते हुए संसदीय बोर्ड की सदस्य सुधा यादव ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की उस आलोचना को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि देश के 21 अरबपतियों के पास 70 करोड़ भारतीयों से ज़्यादा संपत्ति और सबसे अमीर एक प्रतिशत आबादी के पास हिंदुस्तान का 40 प्रतिशत धन है।
यादव ने कहा कि राहुल गांधी एक ही मुद्दे को बारबार उठाते रहते हैं और वह यह नहीं देखते कि सरकार की कल्याणकारी नीतियों से करोड़ों लोगों को लाभ हुआ है।
उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, गरीबों और पिछड़ों पर जो ध्यान दिया गया है, वह अभूतपूर्व है।
भाजपा उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा ने बंद कमरे में हुई कार्यकारिणी बैठक में जयशंकर द्वारा प्रस्तुत बयान के बारे में संवाददाताओं को जानकारी देते हुए कहा कि पिछले नौ साल में भारत के बारे में दुनिया का नजरिया बदला है।
उन्होंने कहा कि जब कोविड महामारी फैली थी, तो चिंताएं थीं कि भारत ठीक से इसका प्रबंधन नहीं कर सकेगा लेकिन अब जी 20 और सामान्य रूप से सारी दुनिया भारत के कोविड प्रबंधन की प्रशंसा कर रही है क्योंकि भारत ने न केवल इस संकट का सामना किया बल्कि अन्य देशों को मदद भी पहुंचाई।
पांडा के मुताबिक जयशंकर ने कहा कि भारत पहले के संकट के दौरान अन्य देशों पर निर्भर रहता था, लेकिन उसने न केवल अपने दम पर महामारी की चुनौतियों का सामना किया, बल्कि दूसरों की भी मदद की।
पांडा ने कहा कि देश 50 स्थानों पर 200 से अधिक जी-20 से अधिक कार्यक्रमों की मेजबानी कर रहा है और भाजपा के कार्यकर्ता अपनी व्यक्तिगत क्षमता में समाज को जोड़ने के लिए इसमें योगदान देंगे।
उन्होंने कहा कि यह समाज को जोड़ने और भारत की प्रगति और इसकी समृद्ध विरासत को प्रदर्शित करने का एक अवसर है। इसमें न केवल 20 प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के बल्कि आईएमएफ जैसे कई बहुपक्षीय निकायों के प्रतिनिधि भी देश का दौरा करेंगे।
उन्होंने कहा कि भारत अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में भी सफल रहा है।
गरीब कल्याण के बारे में बयान बिहार विधानपरिषद में विपक्ष के नेता सम्राट चौधरी ने प्रस्तुत किया।
सुधा यादव ने इस बयान की जानकारी देते मीडिया को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में सत्ता संभालने के बाद कहा था कि उनकी सरकार गरीबों, वंचितों और पिछड़ों के लिए समर्पित होगी और तब से उन्होंने कई कल्याणकारी नीतियों के माध्यम से इसे सुनिश्चित करने के लिए काम किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह मोदी सरकार थी जिसने महामारी के दौरान प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के तहत करोड़ों लोगों के बैंक खातों में धन भेजने का काम किया। 'हर घर जल', 'सबके लिए आवास' और किसान कल्याणकारी नीतियों से लेकर मोदी सरकार ने समाज के हर वर्ग को छुआ है।
उन्होंने कहा कि गरीबों को आवास, बिजली और पानी प्रदान करने से लेकर मोदी सरकार ने समाज के विभिन्न वर्गों की मदद के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं।
उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों में भाजपा सरकारों ने भी इसी तर्ज पर काम किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY