एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | त्योहारों की 42 दिन की अवधि में खुदरा वाहन बिक्री 12 प्रतिशत बढ़कर 42.88 लाख इकाई रही

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. देश में इस साल 42 दिन की त्योहारी अवधि में वाहनों की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 12 प्रतिशत बढ़कर 42,88,248 इकाई हो गई। डीलरों के संगठन फाडा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

जरुरी जानकारी | त्योहारों की 42 दिन की अवधि में खुदरा वाहन बिक्री 12 प्रतिशत बढ़कर 42.88 लाख इकाई रही

नयी दिल्ली, 15 नवंबर देश में इस साल 42 दिन की त्योहारी अवधि में वाहनों की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर 12 प्रतिशत बढ़कर 42,88,248 इकाई हो गई। डीलरों के संगठन फाडा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

गत वर्ष इस त्योहारी अवधि में 38,37,040 वाहनों का पंजीकरण हुआ था।

वाहन डीलर संघों के महासंघ (फाडा) के अध्यक्ष सी.एस. विग्नेश्वर ने कहा, ‘‘ नवरात्रि की शुरुआत से ही हमने उल्लेखनीय वृद्धि देखी जो हमारे पूर्वानुमानित लक्ष्य के करीब पहुंच गई है। इस अवधि में 42.88 लाख वाहनों का पंजीकरण हुआ, जो पिछले वर्ष के 38.37 लाख वाहनों की तुलना में 11.76 प्रतिशत अधिक है।’’

इस वर्ष त्योहारी अवधि में यात्री वाहनों की खुदरा बिक्री सात प्रतिशत बढ़कर 6,03,009 इकाई हो गई, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 5,63,059 इकाई था।

विग्नेश्वर ने कहा कि मांग में वृद्धि तथा बाजार में उपलब्ध अभूतपूर्व छूट से यात्री वाहनों की बिक्री में सुस्ती के बाद तेजी लौटी है।

इस वर्ष 42 दिन की अवधि में दोपहिया वाहनों का पंजीकरण पिछले वर्ष की तुलना में 14 प्रतिशत बढ़कर 33,11,325 इकाई हो गया।

विग्नेश्वर ने बताया कि दोपहिया वाहनों की बिक्री में मुख्य रूप से मजबूत ग्रामीण मांग का योगदान रहा।

इस दौरान वाणिज्यिक वाहनों की खुदरा बिक्री सालाना आधार पर एक प्रतिशत बढ़कर 1,28,738 इकाई हो गई। दूसरी ओर, तिपहिया वाहनों की बिक्री सात प्रतिशत बढ़कर 1,59,960 इकाई हो गई।

हालांकि, ट्रैक्टर की बिक्री सालाना आधार पर दो प्रतिशत घटकर 85,216 इकाई रह गई, जो एक साल पहले समान अवधि में 86,640 इकाई थी।

फाडा ने कहा कि ये आंकड़े देशभर के 1,430 क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों (आरटीओ) में से 1,368 से एकत्र किए गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 15, 2024 04:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).