जरुरी जानकारी | पुराने चिकित्सकीय उपकरणों के आयात से मरीजों को होगा फायदाः एमटीएआई

नयी दिल्ली, एक अगस्त मेडिकल टेक्नोलॉजी एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एमटीएआई) ने मंगलवार को कहा कि पहले इस्तेमाल हो चुके चिकित्सकीय उपकरणों के आयात से दूसरी एवं तीसरी श्रेणी के शहरों के मरीजों को काफी फायदा होगा।

एमटीएआई ने एक बयान में कहा कि सीटी स्कैन, एमआरआई, रोबोट की मदद से चलने वाले सर्जिकल सिस्टम, एक्स-रे मशीन और एंडोस्कोप जैसे चिकित्सकीय उपकरणों की लागत कई करोड़ डॉलर है, जो अक्सर छोटे से मध्यम आकार के अस्पतालों की बजटीय क्षमता से काफी अधिक होती है।

ऐसी स्थिति में पर्याप्त सेवा की गारंटी देने वाले और नियामकीय जरूरतों पर खरा उतरने वाले पुराने चिकित्सकीय उपकरणों तक पहुंच बनाकर इस समस्या को हल करने में काफी मदद मिल सकती है।

हालांकि चिकित्सा उपकरण विनिर्माताओं के संगठन एआईएमईडी ने सरकार से पुराने चिकित्सकीय उपकरणों के आयात के लिए दी गई मंजूरी वापस लेने का अनुरोध किया है। संगठन ने इस कदम का घरेलू विनिर्माताओं पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई है।

एमटीएआई के चेयरमैन पवन चौधरी ने इस दृष्टिकोण को खारिज करते हुए कहा, ‘‘ पूर्व-स्वामित्व वाले चिकित्सकीय उपकरणों का इस्तेमाल मरीज की जरूरत, प्रदाता की आवश्यकता, सरकार की आवश्यकता (टियर -2 और टियर -3 शहरों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा का विस्तार करने के लिए) को पूरा करता है और दक्षता का एक अवसर भी मुहैया कराता है। यह उद्योग के विकास में भी बदलाव ला सकता है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)