देश की खबरें | यूएई में मादक प्रदार्थ मामले में अभिनेत्री को फंसाना बदले की कार्रवाई थी: पुलिस अधिकारी

मुंबई, 28 अप्रैल संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह में छिपाकर रखे गये मादक पदार्थ के कारण फंसी अभिनेत्री के मामले की जांच में पता चला कि उसे बदले की भावना से फंसाया गया था। अभिनेत्री को जिस व्यक्ति ने भेजा था, वह वहां के कानून प्रवर्तन से जुड़े अधिकारियों के संपर्क में पहले से था और उन्हें उन लोगों के बारे में जानकारी देता था जिनको वह फंसाना चाहता था। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अभिनेत्री क्रिसन परेरा (27) को एक अप्रैल को कथित तौर पर ट्रॉफी के अंदर थोड़ी मात्रा में मादक पदार्थ लाने पर शारजाह हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया था। ट्रॉफी में मादक पदार्थ छिपाने वाले व्यक्तियों की पहचान रवि बोबटे और एंथनी पॉल के रूप में की गई, जिन्होंने उसे एक वेब सीरीज में भूमिका दिलाने के बहाने खाड़ी देश में भेजा था।

इसके बाद दोनों ने परेरा को छुड़ाने के बदले 80 लाख रुपये की मांग की, लेकिन परेरा की मां ने मुंबई पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस ने बोबटे और पॉल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया।

अब तक की जांच के बारे में बताते हुए अधिकारी ने कहा कि पॉल बदला लेना चाहता था क्योंकि कोविड-19 महामारी के दौरान परेरा की मां के साथ उसका एक कुत्ते को लेकर और मास्क लगाने को लेकर विवाद हुआ था।

यही वजह थी कि जैसे ही परेरा शारजाह के लिए रवाना हुईं, पॉल ने अभिनेत्री के साथ मादक पदार्थ होने की सूचना वहां के उन अधिकारियों को दे दी जिनके संपर्क में वह पहले से था।

अधिकारी ने कहा कि मुंबई अपराध शाखा द्वारा भेजे गए दस्तावेजों और विवरणों के आधार पर शारजाह पुलिस ने पाया कि परेरा निर्दोष थीं और उसने उनकी जमानत का विरोध नहीं किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)