देश की खबरें | आईआईटी मद्रास के जंजीबार परिसर ने पाठ्यक्रम के लिए आवेदन आमंत्रित किए

नयी दिल्ली, एक अगस्त भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मद्रास ने विदेश में जंजीबार स्थित अपने परिसर द्वारा पेश किये गए पाठ्यक्रम के लिए आवेदन आमंत्रित किये हैं।

पिछले महीने, भारत से बाहर विदेश में पहला भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) जंजीबार-तंजानिया में स्थापित करने के लिए एक सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये गये थे। फिलहाल इसमें दो पूर्णकालिक पाठ्यक्रम के लिए पढ़ाई होगी।

संस्थान के बयान के अनुसार, इन पाठ्यक्रमों के लिए भारत सहित अन्य देशों के छात्र आवेदन कर सकते हैं। आवेदन ऑनलाइन माध्यम से किया जायेगा।

आईआईटी मद्रास के अनुसार, आवेदन की अंतिम तिथि पांच अगस्त, 2023 है।

बयान के अनुसार, आईआईटी मद्रास के जंजीबार परिसर की प्रभारी प्रो. प्रीति अघालयम ने कहा, ‘‘चयन प्रक्रिया में स्क्रीनिंग टेस्ट शामिल हैं जिसमें तर्क शक्ति परीक्षा, गणित, विज्ञान, अंग्रेजी आदि शामिल हैं। इसके अलावा साक्षात्कार भी शामिल होगा।’’

आईआईटी मद्रास के जंजीबार परिसर में डाटा साइंस में चार वर्षीय स्नातक विज्ञान डिग्री और डाटा साइंस और कृत्रिम बुद्धिमता में दो वर्षीय स्नातकोत्तर डिग्री कोर्स शुरू किया जायेगा।

तंजानिया और भारत के बीच रणनीतिक साझेदारी को स्वीकार करते हुए समझौते पर हस्ताक्षर करके शैक्षिक साझेदारी के संबंधों को औपचारिक रूप दिया गया है, जो जंजीबार, तंजानिया में आईआईटी मद्रास के प्रस्तावित परिसर की स्थापना का विवरण देने के लिए रूपरेखा प्रदान करता है, जिसमें अक्टूबर 2023 में कार्यक्रम प्रारंभ करने की योजना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)