देश की खबरें | आईआईटी मद्रास ने बैलिस्टिक मिसाइलों से महत्वपूर्ण अवसंरचना की सुरक्षा के लिए ढांचा विकसित किया

नयी दिल्ली, पांच मार्च भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), मद्रास के अनुसंधानकर्ताओं ने एक ऐसा ढांचा विकसित किया है जो बैलिस्टिक मिसाइलों के खतरे के खिलाफ देश में महत्वपूर्ण बुनियादी अवसंरचना की सुरक्षा को बढ़ावा दे सकता है।

उन्होंने कहा कि विकसित किया गया ढांचा बैलिस्टिक प्रतिरोध को मजबूत करने के लिए अभिनव समाधान तैयार करने में मदद करेगा।

अनुसंधान के निष्कर्ष प्रतिष्ठित पत्रिका ‘रिलाइएबिलिटी इंजीनियरिंग एंड सिस्टम सेफ्टी’ में प्रकाशित हुए हैं।

‘कम्प्यूटेशनल सिमुलेशन’ का उपयोग करते हुए अनुसंधानकर्ताओं ने आरसी पर मिसाइलों के प्रभाव का अध्ययन किया, जो सैन्य बंकरों, परमाणु ऊर्जा भवनों और पुलों से लेकर रनवे तक महत्वपूर्ण संरचनाओं के निर्माण के लिए उपयोग की जाने वाली मुख्य सामग्री है।

आईआईटी मद्रास के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्रोफेसर अलागप्पन पोन्नालगु ने कहा, ‘‘इन संरचनाओं के रणनीतिक महत्व के कारण इन्हें प्रक्षेप्य वस्तुओं और मलबे के प्रभाव से बचाना आवश्यक है, जिसके परिणामस्वरूप स्थानीय क्षति हो सकती है या पूरी संरचना ढह भी सकती है।’’

पोन्नालगु ने कहा कि आज की अप्रत्याशित दुनिया में व्यापक रूप से उपयोग की जाने वाली कंक्रीट संरचनाओं के लिए बैलिस्टिक डिज़ाइन महत्वपूर्ण है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)