देश की खबरें | अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच के लिए आईआईपीएस निदेशक को निलंबित किया गया

नयी दिल्ली, 29 जुलाई सरकार ने अंतरराष्ट्रीय जनसंख्या विज्ञान संस्थान (आईआईपीएस) में संकाय की नियुक्तियों और भर्ती में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा आरक्षण रोस्टर के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए संस्थान के निदेशक के एस जेम्स को निलंबित कर दिया गया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इस कदम को दंडात्मक कार्रवाई के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि निलंबन शुरू में 90 दिनों अथवा इस मामले में आगे की जांच पूरी होने तक के लिए है। इसे मंत्रालय में निलंबन निरस्तीकरण समिति/समीक्षा समिति के अनुमोदन से रद्द किया जा सकता है।

अंतरराष्ट्रीय जनसंख्या विज्ञान संस्थान (आईआईपीएस) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रशासनिक नियंत्रण में एक संस्थान है, जो राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण तैयार करता है।

मीडिया में आई एक खबर में दावा किया गया है कि जेम्स को सरकार ने पहले इस्तीफा देने के लिए कहा था क्योंकि सरकार आईआईपीएस द्वारा किए गए सर्वेक्षणों में सामने आए कुछ आंकड़ों से खुश नहीं थी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने हालांकि एक बयान में कहा कि निलंबन कोई सजा नहीं है, बल्कि निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच का मार्ग प्रशस्त करना है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)