देश की खबरें | सत्तारूढ़ दलों में हिम्मत है तो खारघर त्रासदी के लिए मुख्यमंत्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएं: राउत

मुंबई, 21 अप्रैल शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने शुक्रवार को कहा कि अगर महाराष्ट्र में सत्ताधारी दलों में साहस और इंसानियत है तो उन्हें 14 लोगों की जान लेने वाली खारघर लू त्रासदी के लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

उन्होंने संवाददाताओं के साथ बातचीत में यह भी आरोप लगाया कि जब कार्यक्रम के दौरान गर्मी और पानी की कमी के कारण लोग मर रहे थे तो राज्य के मंत्री दावत कर रहे थे।

राउत की टिप्पणी तब आई जब सत्तारूढ़ शिवसेना के नेताओं- भरत गोगावाले, संजय शिरसाट और किरण पावस्कर ने उनके इस "झूठे" दावे को लेकर शिकायत दर्ज कराई कि रविवार की घटना के बाद 50 से 75 लोगों की मौत हो गई है।

शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) वर्तमान में महाराष्ट्र में सत्ता में हैं।

मुंबई के पड़ोसी जिले रायगढ़ के खारघर में रविवार को खुले मैदान में आयोजित महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार समारोह के दौरान लू लगने से कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई।

इस कार्यक्रम में कई लाख लोग शामिल हुए थे जिनमें से अधिकतर सामाजिक कार्यकर्ता अप्पासाहेब धर्माधिकारी के अनुयायी थे।

धर्माधिकारी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया था। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिंदे और उपमुख्यमंत्री फडणवीस भी मौजूद थे।

राउत ने कहा, ‘‘ये भाजपा के लोग हैं जो इस तरह की शिकायतें दर्ज कराते हैं। मौतों के लिए आपकी सरकार जिम्मेदार है। अगर आपमें हिम्मत और इंसानियत है तो मुख्यमंत्री (शिंदे), अपने गृह मंत्री (फडणवीस), अपने संस्कृति मंत्री (सुधीर मुनगंटीवार) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएं।’’

विपक्षी दल शिंदे सरकार पर कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए मौतों को लेकर हमला कर रहे हैं।

राउत ने बृहस्पतिवार को सरकार पर मृतकों की वास्तविक संख्या छिपाने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि हादसे में 50 से 75 लोगों की मौत हुई है। इससे पहले उन्होंने मांग की थी कि मुख्यमंत्री शिंदे पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाना चाहिए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)