बख्तियारपुर/पालीगंज/जगदीशपुर (बिहार), 27 मई कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने सोमवार को दावा किया कि अगर विपक्षी गठबंधन ‘‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’’ (‘इंडिया’) सत्ता में आएगा तो सेना में अल्पकालिक भर्ती की अग्निपथ योजना को रद्द कर दिया जाएगा और हर महिला के खाते में प्रति माह 8,500 रुपये जमा किए जाएंगे।
बिहार की पटना साहिब संसदीय सीट के बख्तियारपुर, पाटलिपुत्र के पालीगंज और आरा के जगदीशपुर में गठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा, ‘‘बिहार और उत्तर प्रदेश समेत देश में ‘इंडिया’ गठबंधन का तूफान आ रहा है। चार जून के बाद नरेन्द्र मोदी हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री नहीं बनने जा रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘नरेन्द्र मोदी ने नोटबंदी-जीएसटी लागू करके रोजगार के रास्ते बंद किए और सेना में अग्निपथ योजना लागू करके जवानों को मजदूर बना दिया । चार जून को जब ‘‘इंडिया’’ गठबंधन की सरकार बनेगी तो अग्निपथ योजना को रद्दकर हम कूड़ेदान में फेंकने जा रहे हैं ।”
कांग्रेस नेता ने कहा, “यह नरेन्द्र मोदी की योजना है, सेना इस योजना को नहीं चाहती है, यह ऊपर से थोपी गई है। हमारा पहला काम अग्निपथ योजना को रद्दकर कूड़ेदान में फेंकने का होगा।”
राहुल ने कहा, ‘‘हम दो तरीके के शहीद नहीं चाहते। अग्निपथ योजना जवान को शहीद का दर्जा नहीं देगी। जो सामान्य तरीके से जवान बनेगा, जो अफसर होगा, उसे शहीद का दर्जा मिलेगा । अग्निवीर को पेंशन नहीं मिलेगी, दूसरे जवान को पेंशन मिलेगी । अग्निवीर को कैंटीन (की सुविधा) नहीं मिलेगी, दूसरे जवान को कैंटीन (की सुविधा) मिलेगी।”
उन्होंने कहा, “यह अन्याय हम नहीं चाहते, इसलिए अग्निपथ योजना को हम रद्द करने जा रहे हैं, खत्म करने जा रहे हैं। हम बिहार के युवाओं के लिए, बाकी प्रदेशों के युवाओं के लिए सेना में स्थायी पेंशन वाली योजना फिर चलाएंगे । जैसे पहले होता था वैसे ही होगा ।’’
उन्होंने आरा में अपने संबोधन के दौरान दर्शकों के बीच से विकास नाम के एक युवक को मंच पर बुलाया और कहा,‘‘ इस लड़के को सरकार की अग्निवीर योजना बिल्कुल पसंद नहीं है क्योंकि यह भर्ती योजना भेदभावपूर्ण है और युवाओं की देशभक्ति का अपमान है।’’
राहुल ने दावा किया, ‘‘वह (मोदी) खुद को सच्चा देशभक्त कहते हैं लेकिन अग्निपथ योजना लागू करके उन्होंने जवानों का अपमान किया।’’
केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने 2022 में अग्निपथ योजना का ऐलान किया था जिसके तहत सेना के लिए जवानों की भर्ती चार साल के लिए करने का प्रावधान है। चार वर्षीय अनुबंध पूरा होने पर 75 फीसदी जवानों की सेवा समाप्त कर दी जाएगी तथा शेष 25 फीसदी को ही आगे रखा जाएगा।
राहुल ने यह भी कहा “ केंद्र में ‘‘इंडिया’’ गठबंधन की सरकार बनने के बाद जुलाई से महिलाओं के खाते में हर महीने ‘खटाखट-खटाखट’ 8,500 रुपये भेजे जाएंगे जिससे हर परिवार की आर्थिक स्थिति बदल जाएगी। गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले हर परिवार की एक महिला के खाते में एक साल में एक लाख रुपये भेजे जाएंगे।”
उन्होंने कहा, “अभी हम आपको सालाना एक लाख रुपये देंगे, हम इसे बढ़ाकर दो लाख रुपये सालाना कर सकते हैं।’’
उन्होंने यह भी दावा किया कि चुनाव के बाद ‘इंडिया’ गठबंधन की बनने वाली सरकार सभी बंद उद्योगों को फिर से चालू कराएगी और सरकारी विभागों में 30 लाख रिक्तियों को भरेगी।
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘अगर ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आया तो हम देश में जाति जनगणना, आर्थिक सर्वेक्षण कराएंगे और आरक्षण की सीमा भी हटा देंगे।”
राहुल ने कहा कि जब शुरू में उन्होंने जाति जनगणना का मुद्दा उठाया तो, “मोदी जी ने कहा- भारत में केवल दो जातियां हैं, अमीर और गरीब। मैं उनसे पूछता हूं, अगर देश में केवल दो जातियां हैं तो नरेन्द्र मोदी ओबीसी कैसे हो गए।’’
उन्होंने केंद्र की राजग सरकार पर प्रहार करते हुए कहा, ‘‘अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो किसानों का कर्ज माफ कर दिया जाएगा। लोग बेरोजगारी और महंगाई से परेशान हैं। स्थिति ऐसी है कि हजारों कमाने वाले और करोड़ों कमाने वाले लोग समान जीएसटी का भुगतान कर रहे हैं।’’
प्रधानमंत्री के ‘‘परमात्मा द्वारा भेजे जाने’’ संबंधी कथित बयान पर कटाक्ष करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘चार जून के बाद अगर भ्रष्टाचार के बारे में प्रवर्तन निदेशालय मोदी से सवाल करेगा तो वह कहेंगे, ‘‘मैं कुछ नहीं जानता... मुझे परमात्मा ने भेजा था।’’
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री के एक साक्षात्कार का जिक्र करते हुए कहा, “मोदी जी कहते हैं उन्हें परमात्मा ने धरती पर भेजा है, मिशन पर भेजा है। हम सब बायोलॉजिकल लोग हैं । नरेन्द्र मोदी जी अकेले आसमान से गिरे हैं। उनको भगवान ने हिंदुस्तान में अदाणी जी के लिए काम करने को भेजा है। 10 साल अदाणी जी का काम किया।’’
उन्होंने कहा कि मोदी ने 22 अरबपति बनाए हैं जबकि कांग्रेस करोड़ों लखपति बनाएंगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर अपने अरबपति दोस्तों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ करने का आरोप लगाया और कहा कि देश इसके लिए उन्हें कभी माफ नहीं करेगा।
राहुल ने दावा किया कि मोदी ने गरीबों से पैसा छीनकर औद्योगिक घरानों को दे दिया, जिन्होंने विदेशों में निवेश किया।
उन्होंने दावा किया, “ मोदी लोगों का ध्यान वास्तविक मुद्दों से हटाने के लिए रणनीति बनाई है। कभी वह मगरमच्छ से लड़ने के बारे में बात करते हैं तो कभी गंगा में चलने लगते हैं।”
कांग्रेस नेता ने कहा कि यह चुनाव देश को बचाने, लोकतंत्र को बचाने और गरीबों के आरक्षण को बचाने के लिए है।’’
चुनावी सभाओं को राजद नेता तेजस्वी यादव, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी ने भी संबोधित किया।
रैली में तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री मोदी पर पलटवार करते हुए कहा, ‘‘बिहार के लोग किसी से नहीं डरते... एक 75 वर्षीय व्यक्ति (मोदी), 34 साल के व्यक्ति को जेल की धमकी दे रहा है। बिहार के लोग गुजरात के लोगों से नहीं डरते ...बिहार के लोग किसी से नहीं डरते, हमारे भगवान कृष्ण का जन्म जेल में हुआ था... जनता फैसला करेगी।’’
पिछले हफ्ते बिहार में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के रेल मंत्री रहने के दौरान कथित नौकरी के बदले भूखंड घोटाला की ओर इशारा करते हुए कहा था, ‘‘जिन्होंने बिहार के गरीबों को लूटकर नौकरी के बदले जमीन लिखवाई है, कान खोलकर सुनलो, उनके भी जेल जाने की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। यह जैसे ही हेलीकॉप्टर में चक्कर मारने का उनका समय पूरा होगा, जेल में जाने का समय तय हो जाएगा। राजग सरकार बिहार को लूटने वालों को नहीं बख्शेगी। यह मोदी की गारंटी है।’’
कांग्रेस नेता अंशुल अभिजीत पटना साहिब लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं राजद नेता मीसा भारती पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र से तथा आरा से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के सुदामा प्रसाद महागठबंधन के उम्मीदवार हैं।
पटना साहिब, पाटलिपुत्र और आरा सहित बिहार की शेष कुल आठ लोकसभा सीट पर एक जून को मतदान होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY