दुबई / नयी दिल्ली, 20 जुलाई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने ऑस्ट्रेलिया में होने वाला टी20 विश्व कप कोविड-19 महामारी के कारण सोमवार को स्थगित कर दिया, जिससे भारतीय क्रिकेट बोर्ड़ (बीसीसीआई) के लिए अक्टूबर-नवंबर मे इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के आयोजन का रास्ता साफ हो गया।
आईसीसी ने हालांकि अभी यह तय नहीं किया कि भारत और ऑस्ट्रेलिया 2021 और 2022 टी20 विश्व कप सत्र की अदला-बदली करेंगे या नहीं। दोनों विश्व कप का आयोजन अक्टूबर-नवंबर में होगा।
यह भी पढ़े | कोरोना वायरस का असर, ऑस्ट्रेलिया में होने वाला टी-20 वर्ल्ड कप एक साल के लिए टला.
आईसीसी से जारी बयान में कहा गया, ‘‘ आईसीसी ने ऑस्ट्रेलिया में होने वाला पुरुष टी20 विश्व कप 2020 को कोविड-19 महामारी के कारण स्थगित कर दिया।’’
टी20 विश्व कप का आयोजन 18 अक्टूबर से 15 नवंबर तक होना था लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मई के महीने में ही आईसीसी को सूचित कर दिया था कि मौजूदा परिस्थितियों में टूर्नामेंट की मेजबानी करना लगभग असंभव होगा। 16 अंतरराष्ट्रीय टीमों के लिए पृथकवास का इंतजाम करना मुश्किल होगा ।
यह भी पढ़े | लंबे ब्रेक के बाद तेज गेंदबाजों को सावधान रहना होगा: इरफान पठान.
बयान में कहा गया, ‘‘ आज की बैठक में आईबीसी बोर्ड (आईसीसी की वाणिज्यिक इकाई) ने कोविड-19 के कारण प्रभावित क्रिकेट को पूरा करने के लिए अगले तीन साल के कैलेंडर में ज्यादा स्पष्टता लाने की कोशिश की ताकि सबसे अच्छा अवसर मिल सके।’’
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनु साहनी ने कहा, ‘‘ आईसीसी ने सभी विकल्पों पर विचार करने के बाद पुरूष टी20 विश्व कप को स्थगित करने का फैसला किया । इससे हमें दुनिया भर के प्रशंसकों के लिए दो सुरक्षित और सफल टी20 विश्व कप का सर्वोत्तम अवसर प्रदान करने का मौका मिलेगा।’’
जहां तक इस संस्करण की मेजबानी का सवाल है तो इस बारे में आईसीसी की वाणिज्यिक शाखा विभिन्न विकल्पों पर विचार करेगी जिसमें भारत में 2021 में प्रस्तावित टी20 विश्व कप के साथ इसका ऑस्ट्रलिया में आयोजन और इसके अगले साल 2022 में भारत में टी20 विश्व कप के आयोजन का विकल्प शामिल है।
बयान में कहा गया, ‘‘ आईबीसी बोर्ड तेजी से बदल रही परिस्थितियों पर नजर रखने पर सहमत है। इसके साथ ही वह 2021 तथा 2022 में खेल के सुरक्षित और सफल आयोजन को सुनिश्चित करने में भविष्य के मेजबानों पर विचार करने के लिए सभी सूचनाओं का आकलन करेगा।’’
अगले तीन विश्व कपों के कार्यक्रम की घोषणा करने के निर्णय से बोर्डों को अधिक द्विपक्षीय मुकाबलों की योजना बनाने और महामारी के दौरान कम हुए राजस्व को हासिल करने में मदद मिलेगी।
साहनी ने कहा, ‘‘ हमारे सदस्यों के पास अब कार्यक्रम तय करने के लिए स्पष्टता है जिससे वे स्थगित हुए द्विपक्षीय और घरेलू क्रिकेट को पुनर्निर्धारित कर सकें।’’
आईपीएल को लेकर कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई लेकिन इस बात की संभावना है कि बीसीसीआई भारत में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को देखते हुए इसका आयोजन संयुक्त अरब अमीरात में करा सकता है। भारत में अब तक इस महामारी के चपेट में 11 लाख से ज्यादा लोग आये हैं जिसमें से मरने वालों का आंकड़ा 27,000 को पार कर गया।
आईपीएल के लिए दूसरा विकल्प है कि दो शहरों में जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में इसका आयोजन हो।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई से कहा, ‘‘ हम औपचारिक घोषणा की प्रतीक्षा कर रहे थे। अब हम कम से कम अपनी योजनाएँ सरकार को सौंप सकते हैं और उनकी आवश्यक मंजूरी की प्रतीक्षा कर सकते हैं। हमें कार्यक्रम, लॉजिस्टिक्स, संचालन के पहलुओं पर ध्यान देने की जरूरत हैं।’’
इसके साथ ही 2023 में भारत में प्रस्तावित एकदिवसीय विश्व कप मार्च-अप्रैल की जगह नवंबर में खेला जाएगा ताकि क्वालीफाइंग प्रकिया के लिए समय मिल सके।
साहनी ने कहा, ‘‘ पुरुष एकदिवसीय विश्व कप को टालना जरूरी था इससे हमें क्वालीफाइंग प्रक्रिया की अखंडता को बनाए रखने का बेहतर मौका मिलेगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ इस अतिरिक्त समय का उपयोग उन खेलों को पुनर्निर्धारित करने के लिए किया जाएगा जो कि महामारी के करण स्थगित हो गये थे। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि क्वालीफाइंग मौचों का नतीजा मैदान पर ही निकले।’’
आईसीसी ने शशांक मनोहर की जगह अगले स्वतंत्र अध्यक्ष के लिए नामांकन प्रक्रिया की घोषणा नहीं की। यह पता चला है कि अगले अध्यक्ष के चयन को लेकर सदस्यों की पसंद में सहमति नहीं थी।
आईबीसी बोर्ड न्यूजीलैंड में फरवरी 2021 में होने वाले महिला विश्व कप को लेकर भी हालात की समीक्षा करता रहेगा ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY