नयी दिल्ली, छह मार्च चार्टर्ड अकाउंटेंट की शीर्ष संस्था भारतीय सनदी लेखाकार संस्थान (आईसीएआई) ने सरकार को पीएम इंटर्नशिप योजना का हिस्सा बनने को लेकर रुचि जतायी है। इस योजना के तहत युवाओं को लेखांकन और वित्त के विभिन्न क्षेत्रों में अवसर प्रदान किए जा सकते हैं।
कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय द्वारा क्रियान्वित की जा रही यह योजना तीन अक्टूबर, 2024 को शुरू की गई थी। इसका लक्ष्य चालू वित्त वर्ष में 1.25 लाख युवाओं को इंटर्नशिप के अवसर प्रदान करना है।
आईसीएआई के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि संस्थान ने मंत्रालय को पत्र लिखकर इस योजना का हिस्सा बनने की इच्छा जतायी है।
अधिकारी ने कहा कि मंत्रालय की सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद आईसीएआई केंद्रीय परिषद योजना में भाग लेने से संबंधित तौर-तरीकों पर चर्चा करेगी।
उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य लेखांकन और वित्त के क्षेत्रों में चार्टर्ड अकाउंटेंट फर्म में युवाओं के लिए इंटर्नशिप के अवसर प्रदान करना है।
वित्त वर्ष 2024-25 के बजट में घोषित इस योजना का लक्ष्य पांच साल में शीर्ष 500 कंपनियों में एक करोड़ युवाओं को ‘इंटर्नशिप’ के अवसर प्रदान करना है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY