नयी दिल्ली, आठ जून राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने एक सरकारी स्कूल के प्राचार्य द्वारा छह छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न के मामले में राजस्थान सरकार और राज्य पुलिस को नोटिस भेजे हैं।
पुलिस के अनुसार राजस्थान के डूंगरपुर जिले में एक विद्यालय की नौ से 12 साल उम्र की छात्राओं के साथ कथित यौन उत्पीड़न के मामले में प्राचार्य को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आयोग ने कहा कि यदि मीडिया में आई खबर सही है तो यह छात्रों के मानवाधिकारों का उल्लंघन है।
एनएचआरसी ने कहा कि उसने राजस्थान के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस भेजकर मामले में चार सप्ताह के अंदर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
पुलिस ने रविवार को कहा था कि यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण कानून (पॉक्सो) और भारतीय दंड संहिता के तहत आरोपों में तीन जून को रमेश चंद्र कटारा को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस अधीक्षक (डूंगरपुर) कुंदन कवरिया ने कहा कि पीड़ित लड़कियों ने 31 मई को पुलिस को मामले की सूचना दी थी। छात्राओं ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि कटारा ने उन्हें गर्मी की छुट्टी के दौरान भी पाठ्येतर गतिविधियों के बहाने स्कूल बुलाया और उनके साथ बलात्कार किया।
पीड़ित परिवार के सदस्यों ने भी जिलाधिकारी से मुलाकात की और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने बताया कि पीड़ित लड़कियां कक्षा चौथी, पांचवीं और छठी की छात्राएं हैं और नौ से 12 वर्ष आयु वर्ग की हैं।
मामले की जांच कर रहे पुलिस उपाधीक्षक राकेश शर्मा ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि आरोपी ने छात्राओं के साथ बलात्कार किया और उन्हें अपने नवनिर्मित घर भी ले गया।
उन्होंने कहा कि पीड़ितों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उनके बयान दर्ज किए गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY