कैनबरा, 16 मई (द कन्वरसेशन) तितलियां कितनी पुरानी हैं और उनकी उत्पत्ति कहां हुई? और शायद इससे भी खास बात यह है कि तितलियां पृथक महाद्वीप ऑस्ट्रेलिया में कैसे और कब पहुंचीं?
वैज्ञानिक लंबे समय से इन सरल सवालों के जवाब खोजने में लगे हुए हैं। कुछ समय पहले तक हमें बहुत जानकारी नहीं थी कि तितलियों की उत्पत्ति कब हुई और उनके मूल स्थान से संबंधित परिकल्पनाएं आम तौर पर अनुमान ही थीं।
हाल के वर्षों में, कई अध्ययनों से संकेत मिलता है कि तितलियों का विकास ‘क्रेटेशियस’ युग के दौरान हुआ, जब पृथ्वी पर डायनासोरों का राज था।
अब, एक अंतरराष्ट्रीय सहयोग संगठन (जिसका मैं सदस्य हूं) ने उनकी उत्पत्ति के समय को सटीक रूप से सामने रखा है - करीब 10.14 करोड़ साल पहले, इसमें 12 लाख साल का अंतर हो सकता है।
शुरुआती तितलियां मौजूदा निशाचर कीटों से अलग थीं। वे रात के बजाय दिन में उड़ती थीं और मधुरस के लिए चमकीले रंग के फूलों की ओर आकर्षित होती थीं।
10 करोड़ वर्ष का इतिहास
इस नतीजे पर पहुंचने के लिए, दर्जनों देशों के शोधकर्ताओं को तितलियों की प्रजातियों का दुनिया का सबसे बड़ा वंश वृक्ष बनाने की आवश्यकता थी। इसे 2,244 प्रजातियों के ‘डीएनए’ के साथ एकत्र किया गया।
दुनिया में तितली की करीब 19,000 प्रजातियां हैं, और समूह के 10 करोड़ साल के इतिहास को एक साथ जोड़कर ‘डीएनए’ अनुक्रमों, भौगोलिक वितरण और लार्वा को लेकर दुनिया के सबसे बड़े आंकड़े को एकत्र करना आवश्यक है।
विश्लेषण के तहत तितलियों के 11 दुर्लभ जीवाश्म थे, जिनके बिना विश्लेषण संभव नहीं हो पाता। जीवाश्म रिकॉर्ड में तितलियों को शायद ही संरक्षित किया जाता है, और जो संरक्षित हैं, उनकी पहचान करना अक्सर मुश्किल होता है।
उत्तर अमेरिकी मूल
इस नवीनतम अध्ययन से न केवल तितलियों की आयु निर्धारित हुई बल्कि यह भी पता लगाया गया कि तितलियों की उत्पत्ति सबसे पहले कहां हुई थी। सभी आधुनिक प्रजातियों के वितरण के साथ उन पौधों का भी ब्योरा तैयार किया गया जिन पर वे अपने अंडे देती हैं। इसके बाद वैज्ञानिकों को समय और स्थान के जरिए तितलियों की गतिविधियों का पता लगाने में मदद मिली।
इस नवीनतम अध्ययन के अनुसार, तितलियां सबसे पहले मध्य और पश्चिमी उत्तर अमेरिका में कहीं पैदा हुईं। उस समय उत्तरी अमेरिका महाद्वीप पूर्वी लॉरेशिया का हिस्सा था। एक विशाल समुद्री मार्ग ने महाद्वीप को दो भागों में विभाजित कर दिया था।
उत्तर और दक्षिण अमेरिका उस समय तक पनामा स्थलडमरूमध्य से नहीं जुड़े थे। लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि तितलियों को दक्षिणी गोलार्ध में पानी को पार करने में थोड़ी कठिनाई हुई। लेकिन एक बार जब वे दक्षिण अमेरिका पहुंच गईं, तो शुरुआती तितलियां आश्चर्यजनक रूप से फैल गईं।
वहां से, कई समूह वापस उत्तरी अमेरिका चले गए, वहीं कई समूह अंटार्कटिका के जरिए ऑस्ट्रेलिया में भी फैल गए। उस समय, तीन महाद्वीप जुड़े थे और उन्हें दक्षिणी गोंडवाना कहा जाता था।
तितलियों के अन्य समूह बहुत बाद में दक्षिण-पूर्व एशिया के द्वीपों के रास्ते ऑस्ट्रेलिया पहुंचे। उससे पहले, वे उत्तरी अमेरिका से एशिया पहुंचे थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY