देश की खबरें | हिमाचल : जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद रोधी अभियान के दौरान शहीद हुए सैनिक का सिरमौर में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

नाहन (हिमाचल प्रदेश), छह मई जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आतंकवाद विरोधी अभियान में शहीद हुए सेना के पैराट्रूपर प्रमोद नेगी का अंतिम संस्कार शनिवार को हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले स्थित उनके पैतृक गांव में पूरे सैनिक सम्मान के साथ किया गया।

राजौरी जिले के जंगलों में आतंकवादियों के खिलाफ अभियान के दौरान आतंकियों द्वारा शुक्रवार को किए गए बम विस्फोट में पांच सैनिकों की मौत हुई थी, जिनमें प्रमोद नेगी भी शामिल थे।

इससे पहले नेगी और उत्तराखंड के सैनिक रूचिन रावत के पार्थिव शरीर को विमान से जम्मू-कश्मीर से देहरादून लाया गया जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।

सिरमौर जिले के शिलाई गांव में हजारों की संख्या में लोग नेगी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, भाजपा के पूर्व विधायक बलदेव सिंह तोमर, उपसंभागिय मजिस्ट्रेट सुरेश सिंघा और प्रशासन तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया।

नेगी अविवाहित थे। उनके परिवार में पिता देवेन्द्र नेगी, मां तारा नेगी और छोटा भाई नितेश नेगी तथा बड़ी बहन मनीषा हैं। नितेश भी सेना में हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)