महाकुंभ नगर (उप्र), 25 फरवरी प्रयागराज महाकुंभ-2025 अपने अंतिम चरण में है और आम श्रद्धालुओं के साथ ही अति विशिष्ट व्यक्तियों का यहां आगमन और संगम में स्नान करना जारी है।
इस बीच, मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, ओडिशा के राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति, रिलायंस इंडस्ट्रीज की ईशा अंबानी, अभिनेत्री रवीना टंडन और कई अन्य गणमान्य लोगों ने संगम में डुबकी लगाई।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने परिवार संग त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई।
इस अवसर पर उन्होंने कहा, "मैंने देश और प्रदेश की शांति के लिए प्रार्थना की है।"
इसी तरह, ओडिशा के राज्यपाल डॉक्टर हरि बाबू कंभमपति ने भी त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई।
उन्होंने कहा, "यह एक अद्भुत अनुभव है और उत्तर प्रदेश सरकार ने बहुत अच्छी व्यवस्थाएं की हैं।"
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की बोर्ड सदस्य ईशा अंबानी पीरामल और उनके पति आनंद पीरामल ने भी त्रिवेणी संगम में स्नान किया। परमार्थ निकेतन के प्रमुख स्वामी चिदानंद सरस्वती जी के सानिध्य में उन्होंने स्नान किया। इस दौरान अभिनेत्री रवीना टंडन ने भी संगम में डुबकी लगाई।
झारखंड मुक्ति मोर्चा की नेता महुआ माझी ने भी त्रिवेणी संगम में स्नान किया और कहा, "यह आस्था का पर्व है... हम आज आए हैं क्योंकि कल महाशिवरात्रि है और भीड़ बहुत बढ़ जाएगी। व्यवस्थाएं अच्छी हैं और इतने बड़े जनसमूह को संभालना एक बड़ी जिम्मेदारी है।"
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने सपरिवार संगम में स्नान किया। उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने प्रदेश अध्यक्ष को कुंभ कलश भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनन्दन किया। प्रदेश अध्यक्ष ने संगम दर्शन के साथ ही बड़े हनुमान जी एवं अक्षयवट का दर्शन कर लोक कल्याण एवं पुण्य की कामना की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY