शिमला, 21 फरवरी हिमाचल प्रदेश में पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा किए गए वादों को 'झूठ का पुलिंदा' करार देते हुए नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने बुधवार को विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए।
भाजपा विधायकों ने अपने प्रदर्शन के दौरान हाथों में तख्तियां ली हुई थीं, जिन पर लिखा था 'पहला बजट झूठ की गारंटी, दूसरा बजट लूट की गारंटी'।
ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आज तक किसी मुख्यमंत्री ने इतने झूठे आश्वासन और झूठे वादे नहीं किए, जितने सुखविंदर सिंह सुक्खू ने किए।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार सभी सीमाएं पार कर चुका है और मुख्यमंत्री झूठ बोलकर आम जनता के साथ-साथ सदन को भी गुमराह कर रहे हैं।
ठाकुर ने संवाददाताओं से कहा, ''पिछले बजट में की गई घोषणाएं पूरी नहीं हुईं और राज्य सरकार अपनी चुनावी गारंटियों को पूरा करने में विफल रही।''
कांग्रेस ने राज्य के पिछले विधानससभा चुनाव में 10 गारंटी दी थीं, जिनमें युवाओं को हर वर्ष एक लाख नौकरियां, पुरानी पेंशन योजना की बहाली, 18 से 60 साल की महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और किसानों से 80 से 100 रुपये प्रति लीटर की दर से दूध खरीदना शामिल था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY