देश की खबरें | हेलीकॉप्टर हादसा: स्टालिन ने मृतकों के परिवारों को पत्र लिखे

चेन्नई, 10 दिसंबर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने कुन्नूर हेलीकॉप्टर हादसे में मारे गए रक्षा कर्मियों के परिवारों को शुक्रवार को निजी पत्र लिखकर अपनी संवदेनाएं व्यक्त कीं।

राज्य सरकार ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अलग-अलग लिखे पत्रों में रक्षा कर्मियों के परिवारों से कहा कि सभी लोग उनके साथ हैं।

तमिलनाडु के कुन्नूर में बुधवार को एमआई17वी5 हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य रक्षाकर्मियों की मौत हो गई।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया कि हादसे की जानकारी मिलते ही स्टालिन कुन्नूर रवाना हुए। उन्होंने बृहस्पतिवार को दिवंगत लोगों को पुष्पांजलि अर्पित की।

इसमें बताया गया कि राज्य सरकार ने बचाव अभियान और बाद में मृतकों के पार्थिव शरीरों को ले जाने के दौरान सभी प्रबंध सुनिश्चित किए। मृतकों की पार्थिव देह बाद में कोयंबटूर से दिल्ली ले जाई गई थीं।

विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने हादसे का शिकार हुए रक्षा कर्मियों के परिजन को व्यक्तिगत रूप से आज पत्र लिखकर अपनी संवेदनाएं और खेद प्रकट किया।’’

इसमें कहा गया, ‘‘उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में सब उनके साथ है। उन्होंने कहा कि यह क्षति अपूरणीय है और ईश्वर उनके परिजन को इससे उबरने की ताकत दे।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)