नोएडा, तीन अक्टूबर कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म की शिकार 19 वर्षीय दलित लड़की के परिवार से मिलने के लिए कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के हाथरस जाने के कार्यक्रम के पहले नोएडा में दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा पर पुलिस की भारी तैनाती की गई है।
दिल्ली को नोएड़ा से जोड़ने वाले डीएनडी फ्लाईवे पर दोपहर 12 बजकर करीब 30 मिनट पर वरिष्ठ अधिकारियों सहित भारी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात थे। गौतमबुद्ध नगर जिले में धारा-144 के तहत निषेधाज्ञा लागू है।
एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘ सीमा सील नहीं की गई है लेकिन दिल्ली-नोएडा सीमा पर जांच बढ़ा दी गई है।’’
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सांसदों का प्रतिनिधिमंडल शनिवार दोपहर बाद पीड़िता के परिवार से मिलने हाथरस जाएगा जिसकी कथित सामूहिक दुष्कर्म के बाद मौत हो गई थी।
गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को पीड़िता के परिवार से मिलने हाथरस जा रहे राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा के साथ-साथ अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश पुलिस ने रोक लिया था और उन्हें वापस दिल्ली भेज दिया था।
अधिकारियों के मुताबिक पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर कोविड-19 महामारी की वजह से लागू धारा-144 का उल्लंघन करने और महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार ने पीड़िता और उसके परिवार को न्याय देने से इनकार किया और उसे भयभीत किया। पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार पीड़िता के खिलाफ जघन्य अपराध को छिपाने की कोशिश कर रही है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY