देश की खबरें | आईआईपीएस में अनियमितता संबंधी शिकायतों की जांच कर रहा स्वास्थ्य मंत्रालय : सूत्र

नयी दिल्ली, तीन अगस्त स्वास्थ्य मंत्रालय अंतरराष्ट्रीय जनसंख्या विज्ञान संस्थान (आईआईपीएस) के निदेशक के. एस. जेम्स के कार्यकाल के दौरान हुई कथित अनियमितताओं की जांच कर रहा है, जिसमें राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस) डेटा से छेड़छाड़, विदेशी संस्थाओं को शोधपत्र लीक करने और भर्ती में गड़बड़ी समेत अन्य खामियों की जांच शामिल है।

सूत्रों ने यह जानकारी दी।

आईआईपीएस स्वास्थ्य मंत्रालय के अंतर्गत आता है जो चार वर्षीय एनएफएचएस का खाका तैयार करता है और इसके लिए आंकड़े भी एकत्र करता है।

मंत्रालय ने जांच पूरी होने तक 27 जुलाई को जेम्स को निलंबित कर दिया था।

इसने 29 जुलाई को कहा था कि भर्ती और नियुक्तियों में अनियमितताओं एवं आरक्षण रोस्टर के अनुपालन के संबंध में शिकायतें मिली हैं, जिनकी जांच के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने छह मई को एक तथ्यान्वेषी समिति का गठन किया था।

मंत्रालय ने कहा था, ‘‘समिति को प्रथम दृष्टया प्राप्त 35 शिकायतों में से 11 में अनियमितताएं मिलीं।’’

इसने कहा था कि आरोप गंभीर प्रकृति के हैं और संस्थान के प्रमुख होने के नाते आईआईपीएस निदेशक पर्याप्त निगरानी करने में विफलता के लिए प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जिम्मेदार हैं।

समिति ने संबंधित अवधि के रजिस्ट्रार के साथ-साथ संबंधित निदेशक के खिलाफ भी जांच की सिफारिश की थी।

बृहस्पतिवार को एक आधिकारिक सूत्र ने पीटीआई- से कहा, ‘‘जेम्स के खिलाफ जो शिकायतें मिली हैं, उनमें एनएफएचएस के लिए आंकड़े एकत्र करना और उस पर कार्यवाही में अनियमितताएं शामिल हैं, जो गहन चिंता का विषय है और मंत्रालय इस पर गौर कर रहा है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)