एजेंसी न्यूज

एचसीएल टेक्नोलॉजीस का लाभ चौथी तिमाही में 22.8 प्रतिशत बढ़कर 3,154 करोड़ रुपये रहा

इससे पिछले वित्त वर्ष 2018-19 की जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 2,568 करोड़ रुपये था।

एचसीएल टेक्नोलॉजीस का लाभ चौथी तिमाही में 22.8 प्रतिशत बढ़कर 3,154 करोड़ रुपये रहा
जमात

नयी दिल्ली, सात मई सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीस का एकीकृत शुद्ध लाभ बीते वित्त वर्ष की 31 मार्च को समाप्त चौथी तिमाही में 22.8 प्रतिशत बढ़कर 3,154 करोड़ रुपय रहा।

इससे पिछले वित्त वर्ष 2018-19 की जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 2,568 करोड़ रुपये था।

शेयर बाजार को दी जानकारी में कंपनी ने बताया कि अमेरिकी लेखा मानकों (जीएएपी) के अनुसार समीक्षावधि में उसकी आय 16.3 प्रतिशत बढ़कर 18,590 करोड़ रुपये रही। इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह आंकड़ा 15,990 करोड़ रुपये था।

वित्त वर्ष 2019-20 के लिए कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 9.3 प्रतिशत बढ़कर 11,062 करोड़ रुपये रहा, जबकि कंपनी की आय 17 प्रतिशत बढ़कर 70,678 करोड़ रुपये रही।

कोरोना वायरस संकट के चलते विप्रो, इंफोसिस और एचसीएल टेक्नोलॉजीस जैसी अन्य सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों ने चालू वित्त वर्ष के लिए अपना कोई अनुमान जारी नहीं किया है।

एचसीएल टेक्नोलॉजीस के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सी. विजयकुमार ने कहा, ‘‘ 2019-20 हमारे लिए काफी अच्छा रहा। इस साल हमने हाल के वर्षों में सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की है और हम लगातार चौथे साल में उद्योग का नेतृत्व करने की भूमिका में है।’’

वित्त वर्ष 2019-20 के दौरान कंपनी ने 53 बड़े सौदे किए।

मार्च 2020 के अंत तक कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या 1,50,423 रही। इसमें चौथी तिमाही में 1,250 नए कर्मचारी जुड़े।

कंपनी ने बताया कि उसके वैश्विक परिचालन में काम कर रहे 96 प्रतिशत कर्मचारी घर से कार्य कर रहे हैं। मात्र 2.5 प्रतिशत कर्मचारी ही ऑफिस जा रहे हैं।

कंपनी ने एक शेयर पर एक बोनस शेयर जारी करने के बाद प्रति शेयर दो रुपये अंतिम लाभांश की भी घोषणा की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2020 11:22 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).