नयी दिल्ली, 10 अगस्त दिल्ली के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बृहस्पतिवार को कहा कि हरियाणा सरकार की अपने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई जुलाई में राष्ट्रीय राजधानी में अभूतपूर्व बाढ़ के लिए “उसकी जिम्मेदारी की स्पष्ट स्वीकारोक्ति” है।
उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में पड़ोसी राज्य से आईटीओ बैराज का प्रबंधन दिल्ली सरकार को सौंपने का अनुरोध किया।
दिल्ली में 8 और 9 जुलाई को भारी बारिश और उसके बाद हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा सहित नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण पिछले महीने यमुना का जलस्तर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। नदी ने तटबंधों को तोड़ दिया और पानी शहर में घुस गया जिससे सार्वजनिक और निजी संपत्ति को भारी नुकसान हुआ।
दिल्ली सरकार ने आरोप लगाया था कि गाद जमा होने के कारण आईटीओ बैराज के कुछ गेट जाम हो गए, जिससे नदी के पानी की त्वरित निकासी में बाधा उत्पन्न हुई।
मामले की जांच के बाद, हरियाणा सरकार ने बुधवार को सिंचाई विभाग के एक मुख्य अभियंता को निलंबित कर दिया और तीन अन्य अधिकारियों को आरोपपत्र दिया।
भारद्वाज ने कहा, “संबंधित मुख्य अभियंता दिल्ली में बैठते हैं। उनका प्राथमिक कार्य बैराज का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना है। वह और उनके अधीनस्थ अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहे।”
उन्होंने कहा, “इससे पहले, हरियाणा ने यह मानने से भी इनकार कर दिया था कि बैराज उनका है और वे इसके रखरखाव के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने अब अपनी गलती स्वीकार कर ली है और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY