चंडीगढ़, 28 दिसंबर गन्ने की कीमतों में वृद्धि नहीं होने के मुद्दे पर कांग्रेस सदस्यों ने बुधवार को हरियाणा विधानसभा से बहिर्गमन किया। हालांकि, मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर ने मूल्य निर्धारण समिति का गठन किया।
हरियाणा विधानसभा के तीन दिवसीय शीतकालीन सत्र के समापन के दिन यहां खट्टर और विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक-दूसरे के कार्यकाल की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कुछ कविताओं का आदान-प्रदान भी किया।
भारतीय जनता पार्टी-जननायक जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए हुड्डा ने पहले एक कविता पढ़ी जिसका जवाब खट्टर ने भी एक कविता के जरिये दिया।
दोनों नेताओं ने फिर से कुछ और कविताओं का आदान-प्रदान किया, जिस पर सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों के सदस्यों ने खूब तालियां बजाईं।
हुड्डा ने मुख्यमंत्री से गन्ने के दाम बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि लागत बढ़ने से किसानों को नुकसान हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान मांग कर रहे हैं कि गन्ने का मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंटल होना चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री से गन्ने कीमत पंजाब के बराबर लाने को कहा। हुड्डा ने खट्टर से कहा, “पंजाब में गन्ने की कीमत के बराबर कीजिए। आज ही गन्ने की मूल्य में वृद्धि की घोषणा कीजिए। यह एक गंभीर मुद्दा है।”
मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि राज्य में नौ सहकारी समितियों की चीनी मिल और तीन निजी चीनी मिलें चल रही हैं।
सरकार सहकारी मिलों को सहायता देती है ताकि गन्ने के मूल्य का भुगतान समय पर हो सके। खट्टर ने बताया कि हरियाणा में किसी भी सहकारी चीनी मिल का कोई बकाया नहीं है।
उन्होंने इस पेराई सत्र के लिए गन्ने की कीमत तय करने के वास्ते समिति के गठन की घोषणा की, जो चीनी मिलों के प्रदर्शन का आकलन करेगी और 15 दिनों में अपनी रिपोर्ट देगी।
खट्टर ने कहा कि इसके बाद गन्ने की कीमतों की घोषणा की जाएगी।
गन्ना मूल्य वृद्धि पर कोई घोषणा नहीं किए जाने के विरोध में कांग्रेस विधायकों ने बहिर्गमन किया।
हरियाणा में फिलहाल गन्ने का मूल्य प्रति क्विंटल 362 रुपये है।
इससे पहले, हुड्डा ने कविता पढ़ते हुए सदन में कहा, ‘‘चमन को सींचने में कुछ पत्तियां झड़ गयी होंगी, यही इल्ज़ाम लग रहा है हम पर बेवफाई का, अरे चमन को रौंद डाला जिन्होंने अपने पैरों से, वही दावा कर रहे हैं अपने रहनुमाई का।’’
इस पर खट्टर ने जवाब दिया, ‘‘जिसे निभा न सकूं ऐसा वादा नहीं करता, मैं बात अपनी सीमा से ज्यादा नहीं करता, तमन्ना रखता हूं आसमां छू लेने की, लेकिन औरों को गिराने का इरादा नहीं रखता।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY