नयी दिल्ली, 23 अगस्त प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) तथा हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचा विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) के साथ कथित वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में बुधवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया।
प्रवर्तन निदेशालय ने एक बयान में कहा कि उसने 21 अगस्त को चंद्रशेखर नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया था तथा मंगलवार (22 अगस्त) को उसे धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) से जुड़े मामलों की एक विशेष अदालत के समक्ष पेश किया गया।
बयान के मुताबिक, अदालत ने आरोपी को सात दिनों के लिये ईडी की हिरासत में भेजा है।
पिछले महीने इसी मामले में ईडी ने पंचकूला के पूर्व जिला राजस्व अधिकारी-सह-भूमि अधिग्रहण कलेक्टर नरेश कुमार शेओखंड को गिरफ्तार किया था। फिलहाल, वह न्यायिक हिरासत में हैं।
प्रवर्तन निदेशालय ने आरोप लगाते हुए कहा कि चंद्रशेखर ने शेओखंड तथा अन्य लोगों के साथ मिलकर भूमि अधिग्रहण के लिये एनएचएआई और एचएसआईआईडीसी के कोष को गलत तरीके से अपात्र लोगों के बीच हस्तांतरित करने में ‘सक्रिय भूमिका’ निभाई, जिससे सरकारी खजाने को 38 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
बयान के मुताबिक, इस राशि को गलत तरीके से अलग-अलग बैंक खातों में भेजा गया तथा बाद में इसे ‘नकद’ निकालकर विभिन्न संपत्तियों में निवेश किया गया।
बयान में कहा गया कि चंद्रशेखर ‘सहयोग नहीं कर रहा था और उसने प्रासंगिक जानकारी को छिपाने और जांच को गुमराह करने की कोशिश की’ जिसकी वजह से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
इस मामले में अब तक 2.56 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY