देश की खबरें | हरियाणा कांग्रेस ने बाढ़ से फसलों के नुकसान का तत्काल सर्वेक्षण कराने की मांग की

चंडीगढ़, 14 जुलाई कांग्रेस की हरियाणा इकाई ने राज्य में बाढ़ के कारण फसलों और संपत्तियों को हुए नुकसान का आकलन करने के लिए शुक्रवार को तत्काल सर्वेक्षण कराने की मांग की ताकि इससे प्रभावित हुए लोगों को मुआवजा दिया जा सके।

कांग्रेस ने मांग की है कि सरकार फसलों के नुकसान के लिए प्रति एकड़ 40,000 रुपये की दर से मुआवजा दे।

राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने यहां राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को ज्ञापन सौंपा और बताया कि भारी बारिश के कारण पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत समेत कुछ जिलों के बड़े हिस्से बाढ़ग्रस्त हैं।

कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि इससे राज्य सरकार का कुप्रबंधन और असमर्थता जाहिर हो गयी है, क्योंकि समय पर उचित कदम नहीं उठाये गये।

ज्ञापन में दावा किया गया है कि मौसम विभाग की चेतावनियों को नजरअंदाज कर दिया गया और इस क्षेत्र के लोग सरकार की अक्षम्य लापरवाही और प्रशासन की उदासीनता का शिकार हो रहे हैं।

पार्टी ने विस्थापित लोगों के पुनर्वास की मांग की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)