देश की खबरें | हरसिमरत ने राजनाथ सिंह को पत्र लिखा, भूतपूर्व सैनिकों की शिकायतों के जल्द समाधान की मांग की

चंडीगढ़, 30 जून पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं शिरोमणि अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल ने शुक्रवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से अनुरोध किया कि वे भूतपूर्व सैनिकों की पेंशन से संबंधित ‘‘विसंगतियों’’ का जल्द से जल्द समाधान करें।

सिंह को लिखे पत्र में बठिंडा की सांसद ने कहा, ‘‘हमारे भूतपूर्व सैनिक हमारा गौरव हैं। हमारी मातृभूमि के लिए उनके बलिदान की तुलना नहीं की जा सकती है। समाज के रूप में यह हमारा कर्तव्य है कि जीवन के आखिरी पड़ाव में हम उनका ख्याल रखें।’’

हरसिमरत ने कहा कि सैनिक वेलफेयर एकता सोसाइटी और एक्स-सर्विसमेन वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन से उन्हें ज्ञापन मिले, जो अपनी मांगों को लेकर 20 फरवरी से प्रदर्शन कर रहे हैं। सांसद ने कहा कि उन्होंने रक्षा मंत्री से जल्द से जल्द उनकी शिकायतों का समाधान करने की अपील की।

हरसिमरत ने कहा कि भूतपूर्व सैनिकों ने उनकी पेंशन, परिवार पेंशन और दिव्यांगता पेंशन से जुड़ी विसंगतियों को दूर करने की आवश्यकता को रेखांकित किया।

बठिंडा से सांसद ने कहा कि जूनियर कमिशंड ऑफिसर्स (जेसीओ) और जवान जल्दी सेवानिवृत्त हो जाते हैं, उन्हें ‘एक रैंक एक पेंशन’ (ओआरओपी) का पूरा लाभ नहीं मिल रहा है क्योंकि उनकी पेंशन को गलत तरीके से अधिकतम पेंशनमान के बजाय औसत आधार पर तय किया गया है।

हरसिमरत के अनुसार, परिवार पेंशन मौजूदा सीमा 60 प्रतिशत से बढ़ाने की आवश्यकता है।

शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर बादल की पत्नी ने कहा, ‘‘भूतपूर्व सैनिकों ने जेसीओ और जवानों के लिए दिव्यांगता पेंशन के निर्धारण में विसंगतियों का भी विवरण दिया है, जिनका समाधान करने की जरूरत है।’’

उन्होंने कहा कि जेसीओ और जवानों ने उन्हें सूचित किया कि अधिकारियों की तुलना में सैन्य सेवा से जुड़ी मुश्किलों और जोखिम के बावजूद उन्हें कम सैन्य सेवा वेतन दिया जा रहा है और इस विसंगति को दूर किया जाना चाहिए।

उन्होंने खतरनाक अभियान में शामिल सभी रैंक के कर्मियों के लिए एकसमान भत्ता देने का आह्वान किया।

भूतपूर्व सैनिकों की मांगों का जल्द से जल्द समाधान करने का आह्वान करते हुए हरसिमरत ने कहा, ‘‘भूतपूर्व सैनिक अपना ‘धरना’ जल्द से जल्द खत्म करें, यही देश के हित में होगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)