जमशेदपुर (झारखंड), चार जून झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में पुलिस ने शनिवार को एक महिला का शव बरामद किया, जिसे जल्दबाजी में आधा दफनाया गया था। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
ऐसा संदेह है कि किसी पत्थर से कुचलकर महिला की हत्या की गई।
अधिकारी ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि करंदीह इलाके में कॉलेज के पास मिले शव को जल्दबाजी में दफन किया गया था, क्योंकि शव के पैर जमीन से बाहर थे। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने शव के बारे में पुलिस को सूचित किया।
परसुडीह पुलिस थाना प्रभारी बिमल किंडो के नेतृत्व वाले दल ने महिला का शव बरामद कर इसे पोस्टपार्टम के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का अनुमान है कि महिला की उम्र 30-35 साल होगी।
थाना प्रभारी ने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि महिला की हत्या करके शव को जल्दबाजी में दफन किया गया।’’
उन्होंने बताया कि कफन में लिपटे मिले शव के गले में फूलों का हार था।
किंडो ने कहा, ‘‘इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच करने पर पता चला कि शव शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे एक छोटी वैन में लाया गया था। इसे कुछ देर बाद खाली लौटते देखा गया।’’
उन्होंने कहा कि मामले में जांच शुरू कर दी गई है और ‘‘महिला की पहचान हो जाने के बाद यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि उसकी मौत की वजह क्या है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY