देश की खबरें | गुजरात: कोविड टीकों की पहली खेप अहमदाबाद हवाई अड्डे पर पहुंची
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

अहमदाबाद, 12 जनवरी महाराष्ट्र के पुणे में स्थित सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) से मंगलवार को रवाना किये जाने के कुछ ही घंटे बाद 'कोविडशील्ड' टीकों की खेप गुजरात के अहमदाबाद हवाई अड्डे पर पहुंच गई।

दोपहर के समय राज्य के गृह मंत्री प्रदीप सिंह जडेजा के साथ हवाई अड्डे पर पहुंचे उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने टीकों की आमद को ''बहुप्रतीक्षित क्षण'' करार दिया।

पटेल ने हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा, ''आज हमें कोरोना वायरस टीकों की 2.76 लाख खुराकें मिली हैं। लोग इन टीकों के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे और आखिरकार ये यहां पहुंचे गए।''

उन्होंने कहा कि ये खुराकें अहमदाबाद, गांधीनगर और भावनगर सेक्टरों के लिये हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इसके अलावा टीके की 93,500 खुराकें बुधवार को पुणे से सड़क मार्ग के जरिये सूरत पहुंच जाएंगी जबकि 94,5000 खुराकें वडोदरा और 77,000 खुराकें राजकोट पहुंचेंगी।

अधिकारियों ने कहा कि इन टीकों को पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध के बीच विभिन्न गंतव्यों तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर टीकों को रखा जाएगा, वहां सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

इससे पहले, भारत में 16 जनवरी से कोविड-19 के लिये शुरू होने जा रहे राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान की तैयारियों के तहत मंगलवार को पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से 'कोविडशील्ड' टीके की पहली खेप विभिन्न स्थानों की ओर रवाना की गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)