अहमदाबाद, 23 मई अहमदाबाद के पास ढोलका में दवा कंपनी कैडिला फार्मास्यूटिकल्स के कारखाने के तीन कर्मचारियों की कोराना वायरस संक्रमण के कारण मौत हो गई है। कंपनी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
कंपनी के एक प्रवक्ता ने बताया कि मृतक कंपनी के उत्पादन एवं पैकेजिंग विभाग के कर्मचारी थे।
इस महीने की शुरुआत में फार्मा कंपनी की ढोलका स्थित उत्पादन इकाई के कम से कम 26 कर्मचारी घातक वायरस से संक्रमित पाए गए थे।
प्रवक्ता ने कहा, “कंपनी कोविड-19 के चलते अपने तीन कर्मचारियों की जान जाने से दुखी है।”
उन्होंने कहा कि एक मृत कर्मचारी को हाल ही में 20 अन्य लोगों के साथ घर में पृथक रखा गया था जबकि दो अन्य का सोला सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा था।
प्रवक्ता ने बताया कि कंपनी ने अपना स्वयं का पृथक-वास केंद्र स्थापित किया था और अन्य पृथक-वास केंद्रों में रह रहे कर्मचारियों को इस केंद्र में आकर रहने का विकल्प दिया था।
कोरोना वायरस वैश्विक महामारी से बुरी तरह प्रभावित अहमदाबाद जिले में अब तक संक्रमण के 9,274 मामले सामने आए हैं और 645 लोगों की मौत हो चुकी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY