देश की खबरें | जीआरएसई ने गुयाना के लिए असैन्य पोत का निर्माण कार्य शुरू किया

कोलकता, 22 नवंबर युद्धपोत निर्माता ‘गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स लिमिटेड’ (जीआरएसई) ने दक्षिण अमेरिकी राष्ट्र गुयाना के लिए यात्री-सह-मालवाहक पोत का निर्माण कार्य शुरू करने के साथ ही विदेशी असैन्य पोत निर्माण परियोजना में प्रवेश कर लिया।

जीआरएसई के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी और कहा कि 70 मीटर लंबा तथा 1,700 टन वजनी यह पोत दो डीजल इंजनों से परिचालित होगा और यह 15 समुद्री मील की अधिकतम गति हासिल कर सकता है।

उन्होंने कहा, "जहाज को पूरी तरह से जीआरएसई की विभिन्न टीम द्वारा डिजाइन किया गया है और इसमें 14 कार, दो ट्रक, 14 कंटेनर तथा माल के साथ चालक दल के 14 सदस्यों और 294 यात्रियों को ले जाया जा सकता है।"

पोत के निर्माण कार्य के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं गुयाना के समुद्री प्रशासन विभाग के महानिदेशक कैप्टन स्टीफन थॉमस ने परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, "यह परियोजना गुयाना सरकार के लिए एक विशिष्ट उद्यम है जिसे यात्रियों और माल के स्मार्ट परिवहन के लिए डिज़ाइन किया गया है। गुयाना में यात्रियों और माल ढुलाई के लिए यह पोत परिवहन का एक कुशल साधन साबित होगा।"

थॉमस ने कहा कि जीआरएसई के साथ यह सहयोग दक्षिण अमेरिकी राष्ट्र के भारत के साथ स्थिर और दीर्घकालिक संबंधों को दर्शाता है।

जीआरएसई के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक, रियर एडमिरल वी के सक्सेना ने इस अवसर पर कहा कि इस पोत परियोजना ने सार्वजनिक क्षेत्र के रक्षा उपक्रम को डिजाइन और जहाज निर्माण में अपनी विशेषज्ञता का लाभ उठाने का अवसर प्रदान किया है।

जीआरएसई के एक बयान के अनुसार, उन्होंने कहा, "यह वैश्विक क्षेत्र में हमारे पोत निर्माण कौशल को प्रदर्शित करता है।"

इस साल की शुरुआत में, जीआरएसई और गुयाना के परिवहन एवं बंदरगाह विभाग ने पोत निर्माण के लिए अनुबंध पर हस्ताक्षर किए थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)