विदेश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका की राजकीय यात्रा से पहले लोगों में गजब का उत्साह
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

वाशिंगटन, 19 जून प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राजकीय यात्रा को लेकर भारतीय-अमेरिकियों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। उनकी यात्रा से कुछ दिन पहले सैकड़ों भारतवंशी देश के प्रमुख स्थानों पर एकत्र हुए और उनके समर्थन में नारेबाजी की।

वाशिंगटन डीसी और उसके आसपास के इलाकों में सैकड़ों भारतीय-अमेरिकी एकता का संदेश देने के लिए राष्ट्रीय स्मारक के पास एकत्र हुए। उन्होंने कहा कि वे शहर में प्रधानमंत्री मोदी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 21 से 24 जून को अमेरिका की यात्रा पर रहेंगे। बाइडन दंपती 22 जून को प्रधानमंत्री मोदी के लिए राजकीय रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 22 जून को कांग्रेस के संयुक्त सत्र को भी संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी वाशिंगटन के प्रतिष्ठित ‘रोनाल्ड रीगन बिल्डिंग एंड इंटरनेशनल ट्रेड सेंटर’ में 23 जून को आयोजित कार्यक्रम में भारतीय-प्रवासियों को संबोधित करेंगे।

‘‘मोदी-मोदी’’ और भारत-अमेरिका दोस्ती के नारे लगाते हुए भारतीय-अमेरिकियों ने ऐतिहासिक लिंकन मेमोरियल की ओर एक घंटे से अधिक समय तक जुलूस निकाला, जहां कुछ लोग अचानक नृत्य भी करने लगे।

इसी तरह के दृश्य अमेरिका में कई प्रतिष्ठित स्थानों जैसे न्यूयॉर्क में टाइम्स स्क्वायर और सैन फ्रांसिस्को में गोल्डन गेट ब्रिज पर भी दिखाई दिए।

विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजकों ने कहा कि 20 शहरों से आने वाले ये दृश्य तथा वाशिंगटन डीसी व न्यूयॉर्क में प्रधानमंत्री मोदी के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए टिकट को लेकर मच रही मारा-मारी देश में उनकी लोकप्रियता को दर्शाती है।

उद्यमी, परमार्थ कार्य करने वाले एवं ‘इंडियास्पोरा’ के संस्थापक एम. आर. रंगास्वामी ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘ यह मोदी का जादू है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)