देश की खबरें | सरकार क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बंदरगाहों के उन्नयन, ई-वीजा पर काम कर रही है: रेड्डी

पणजी, 19 जून केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने सोमवार को कहा कि केंद्र सरकार भारत में क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बंदरगाहों के उन्नयन और आधुनिकीकरण, बंदरगाह शुल्क को तर्कसंगत बनाने और ई-वीजा सुविधाएं देने पर काम कर रही है।

रेड्डी प्रभावशाली देशों के चौथे पर्यटन कार्यकारी समूह (टीडब्ल्यूजी) की बैठक से संबंधित एक अलग कार्यक्रम में जी-20 प्रतिनिधियों की एक सभा को संबोधित कर रहे थे।

रेड्डी ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से भारत में क्रूज पर्यटन को विकसित करने के लिए नये सिरे से प्रयास किए गए हैं।"

केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री ने कहा कि चाहे वह बंदरगाह हो या क्रूज टर्मिनल, लाइट हाउस का विकास हो या फेरी की खरीद अथवा ‘रिवर क्रूज सर्किट’ का विकास हो, पर्यटन मंत्रालय आज केंद्रीय वित्तीय सहायता योजना के माध्यम से पर्यटन अवसंरचना विकास से संबंधित परियोजनाओं का समर्थन कर रहा है।

उन्होंने कहा कि बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्रालय "समग्र सरकारी दृष्टिकोण के अनुरूप क्रूज यात्रियों और क्रूज जहाजों के लिए समर्पित टर्मिनलों" के विकास की दिशा में भी काम कर रहा है।

रेड्डी ने कहा, "पर्यटन मंत्रालय और बंदरगाह एवं नौवहन मंत्रालय के साथ संयुक्त रूप से क्रूज पर्यटन पर एक समर्पित कार्यबल तैयार किया गया है।"

वह 'क्रूज पर्यटन के सतत एवं जिम्मेदार पर्यटन का आर्दश बनाना' विषय पर उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।

उनके संबोधन के बाद एक पैनल चर्चा भी हुई जिसमें अमेरिका, स्पेन, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, मॉरीशस, दक्षिण अफ्रीका के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

उन्होंने संबंधित देशों से अपनी अंतर्दृष्टि साझा की और क्रूज पर्यटन को और अधिक हरित एवं टिकाऊ बनाने की दिशा में आगे बढ़ने की योजना का खाका भी पेश किया।

रेड्डी ने अपने संबोधन में कहा कि वह टीडब्ल्यूजी की चौथी बैठक से पहले और उस बैठक के दौरान होने वाली चर्चा तथा विचार-विमर्श का बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे हैं।

केंद्रीय मंत्री ने उपस्थित प्रतिनिधियों को बताया कि पर्यटन मंत्रालय गोवा, मुंबई और विशाखापत्तनम बंदरगाहों में भी क्रूज टर्मिनलों, लाइट हाउस, अन्य पर्यटन बुनियादी ढांचे के विकास के लिए भी वित्त पोषण कर रहा है।

उन्होंने भारत में क्रूज पर्यटन यातायात पर कुछ आंकड़े भी साझा किए और कहा कि यह पिछले कुछ वर्षों में कई गुना बढ़ गया है।

रेड्डी ने गोवा को एक "सर्वोत्तम अवकाश गंतव्य" के रूप में वर्णित किया, जो नियमित रूप से विश्व स्तर पर लाखों पर्यटकों को आकर्षित करता है।

नदियों में क्रूज पर्यटन की चर्चा करते हुए उन्होंने इस साल की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा वाराणसी से शुरू किए गए एम वी गंगा विलास का उदाहरण दिया और कहा कि स्वच्छ नदियां क्रूज पर्यटन जैसी पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा देंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)