देश की खबरें | कल्कि धाम मंदिर के पहले स्थापना दिवस में शामिल हुईं राज्यपाल

संभल (उप्र), 19 फरवरी उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बुधवार को संभल जिले में श्री कल्कि धाम मंदिर के पहले स्थापना दिवस में शामिल हुईं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले साल 19 फरवरी को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में मंदिर की आधारशिला रखी थी।

राज्यपाल ने कल्कि धाम मंदिर के पहले स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम ने उनके साथ कल्कि धाम का इतिहास साझा किया और बताया कि मंदिर का निर्माण ‘18 साल के इंतजार और कठिनाइयों’ के बाद हुआ है।

उन्होंने कहा, ‘‘इस यात्रा के दौरान कई लोगों ने उनकी आलोचना की होगी, जैसे प्रधानमंत्री को अपने प्रयासों के लिए आलोचना का सामना करना पड़ता है।’’

पटेल ने कहा कि काम पूरा होने के बाद ही आशीर्वाद मिलता है।

उन्होंने सामाजिक परिवर्तन को आगे बढ़ाने के लिए दान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, ‘‘आम लोगों के दान से अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण पीढ़ियों तक याद किया जाएगा।’’

उन्होंने कहा कि कल्कि धाम भी सिर्फ मंदिर नहीं होगा, यह ‘‘चेतना का केंद्र’’ बनेगा।

गुजरात में शिक्षा के क्षेत्र में अपने काम को याद करते हुए पटेल ने कहा कि वहां उन्होंने ‘‘स्कूल, अस्पताल बनाने और गरीब बच्चों की शिक्षा का समर्थन करने में समुदाय की अपार भागीदारी देखी।’’

पटेल ने कल्कि धाम में अपने व्यक्तिगत योगदान को साझा किया।

राज्यपाल ने कहा,‘‘दान की शक्ति अपार है। मैं जो कहती हूं, उसे करती हूं और आज मैंने कल्कि धाम के लिए 5,00,111 रुपये दान किए हैं। दान वास्तविक परिवर्तन लाता है।’’

पटेल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किए गए कार्यों की भी प्रशंसा की। उन्होंने विशेष रूप से लखनऊ में ‘‘500 बच्चों’’ को भिक्षावृत्ति से मुक्त करने और उन्हें स्कूल भेजने की उपलब्धि की सराहना की।

उन्होंने कहा,‘‘लेकिन आज महिलाएं बाधाओं को तोड़ रही हैं तथा शिक्षा और यहां तक ​​कि आईटी और सेना जैसे क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रही हैं। यह सब हमारे प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) के नेतृत्व के कारण हो रहा है।"

सलीम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)