ताजा खबरें | म्यांमा में फंसे भारतीयों की रिहाई के लिए सरकार प्रयासरत : कीर्तवर्धन सिंह

नयी दिल्ली, 20 मार्च सरकार ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कहा कि भारत उन भारतीय नागरिकों की रिहाई और वापसी के लिए निरंतर प्रयासरत है, जो फर्जी नौकरी प्रस्तावों के लालच में म्यांमा में फंसे हैं। इसके साथ ही उसने कहा कि हाल में 549 भारतीय नागरिकों की वापसी सुनिश्चित की गई है।

विदेश राज्य मंत्री कीर्तवर्धन सिंह ने एक सवाल के लिखित जवाब में यह जानकारी दी।

सिंह ने कहा, ‘‘हाल में, म्यांमा और थाईलैंड स्थित भारतीय दूतावासों ने स्थानीय प्राधिकारियों के समन्वय से 549 भारतीय नागरिकों की वापसी सुनिश्चित की है, जिन्हें निरंतर प्रयासों से 10 और 11 मार्च, 2025 को थाईलैंड के माई सोत से भारतीय वायुसेना के विमान द्वारा वापस लाया गया।’’

उन्होंने कहा कि भारत सरकार उन भारतीय नागरिकों की रिहाई और स्वदेश वापसी के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, जो फर्जी नौकरी प्रस्तावों के लालच में म्यांमा में फंसे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार इन भारतीय नागरिकों को, विदेश में फर्जी नौकरी के प्रस्तावों का प्रलोभन दिया गया जो अनधिकृत चैनलों के माध्यम से जारी किए गए थे।

सिंह ने कहा कि इन व्यक्तियों की तस्करी की गई, जिसके लिए प्रायः थाईलैंड को पारगमन केंद्र के रूप में उपयोग किया जाता रहा है और बाद में उन्हें थाईलैंड-म्यांमा सीमा के पास स्थानों पर ले जाया गया और साइबर अपराध केंद्रों में काम करने के लिए मजबूर किया गया।’’

उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए कई कदम उठाए हैं और भारतीय नागरिकों को फर्जी नौकरी के प्रस्तावों और अनधिकृत भर्ती एजेंटों के विरूद्ध चेतावनी देते हुए नियमित परामर्श जारी किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)