देश की खबरें | चीता परियोजना के लेकर सरकार गंभीर : केंद्रीय मंत्री

भोपाल, 15 जुलाई मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में इस सप्ताह दो चीतों की मौत की पृष्ठभूमि में केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने शनिवार को कहा कि सरकार इस परियोजना को लेकर गंभीर है और इस वन्यजीव को केएनपी से बाहर नहीं भेजा जाएगा।

यादव ने कहा कि एक दल जल्द ही प्रदेश के श्योपुर जिले में संरक्षित पार्क का दौरा करेगा ।

इस साल मार्च से अब तक भारत में जन्में तीन शावकों समेत आठ चीतों की केएनपी में मौत हो चुकी है।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारी टीमें काम कर रही हैं और हम अपनी टीमों और विशेषज्ञों के साथ चर्चा कर रहे हैं। हम अपने चीतों की उचित देखभाल करने के लिए जिम्मेदार हैं।’’

अधिकारियों के मुताबिक नर चीता तेजस की मंगलवार को मौत हो गई, जबकि सूरज नाम के एक और चीते की शुक्रवार को जान चली गई। उन्होंने बताया कि दोनों को दक्षिण अफ्रीका से स्थानांतरित किया गया था।

यादव ने कहा, ‘‘हमारी एक टीम शीघ्र ही केएनपी का दौरा करेगी। मुझे उम्मीद है कि परियोजना सुचारु रुप से चलेगी। हम इसे लेकर गंभीर हैं, चीतों को व्यवस्थित होने में एक साल का समय लगता है।’’

मंत्री ने यह भी कहा कि चीतों को केएनपी से बाहर ले जाने की कोई योजना नहीं है।

उन्होंने कहा कि चीतों को कहीं भी स्थानांतरित नहीं किया जाएगा। हम मध्य प्रदेश की जनता की भावना का सम्मान करते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)