ताजा खबरें | जयशंकर के वक्तव्य के दौरान व्यवधान को लेकर सरकार, विपक्ष में नोकझोंक

नयी दिल्ली, 27 जुलाई लोकसभा में विदेश मंत्री एस जयशंकर के वक्तव्य के दौरान कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के शोर-शराबे को लेकर बृहस्पतिवार को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के बीच नोकझोंक हो गई। इसके बाद सदन की कार्यवाही करीब 20 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।

जयशंकर ने लोकसभा में ‘‘भारत की विदेश नीति में नवीनतम विकास’’ के संबंध में स्वत: संज्ञान लेते हुए वक्तव्य दिया। उनके वक्तव्य के समय मणिपुर के मुद्दे पर विपक्षी दलों के सदस्य नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान विपक्षी सदस्यों ने ‘प्रधानमंत्री सदन में आओ’ और ‘इंडिया-इंडिया’ के नारे लगाए।

इसके जवाब में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के सदस्यों ने ‘मोदी-मोदी’ के नारे भी लगाए।

जब विदेश मंत्री ने अपना वक्तव्य पूरा कर लिया तब पीठासीन सभापति किरीट सोलंकी ने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी को उनके द्वारा उठाये गए ‘व्यवस्था के प्रश्न’ पर बात रखने को कहा।

इस पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, ‘‘जब हमारे विदेश मंत्री इतने महत्वपूर्ण विषय पर बोल रहे थे, तब इन्होंने (विपक्षी सदस्यों ने) इस प्रकार से व्यवधान डाला। अब हम भी अधीर रंजन को बोलने नहीं देंगे।’’

इसका कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के सदस्यों ने जबर्दस्त विरोध किया।

इसके बाद केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सदन में ‘जन विश्वास (उपबंधों का संशोधन) विधेयक, 2023’ पेश किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए कहा कि इनके मन में जो है, वह दिख भी रहा है।

उन्होंने सवाल किया, ‘‘इन काले कपड़ों में क्या छिपाना चाहते हैं।’’

गोयल ने कहा कि हम नकारात्मक सोच नहीं रखते हैं और उम्मीद करते हैं कि इनका (कांग्रेस का) अंधेरा छंटेगा, इनको रोशनी दिखेगी और एक समृद्ध भारत के लिए कमल खिलेगा।

वहीं, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि ‘‘इन लोगों ने अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया है और यह लोकसभा अध्यक्ष के संज्ञान में है।’’

उन्होंने कहा कि इस बारे में 10 दिन का समय है और लोकसभा अध्यक्ष इस पर चर्चा की तारीख तय करेंगे जिसके लिए सरकार तैयार है।

संसदीय कार्य मंत्री ने कहा, ‘‘ देश को मोदीजी पर पूरा विश्वास है, जनता को पूरा विश्वास है। लेकिन इन लोगों (विपक्ष) पर जनता को विश्वास नहीं है।’’

कांग्रेस सहित विपक्षी सदस्यों द्वारा विरोध स्वरूप काले परिधान पहनने पर जोशी ने कहा कि इन्होंने 60 साल तक काले कारनामे किये, अब काले कपड़े पहनकर क्या दर्शाना चाहते हैं।

विपक्षी सदस्यों का शोर-शराबा नहीं थमता देख पीठासीन सभापति किरीट सोलंकी ने सदन की कार्यवाही करीब 2 बजकर 40 मिनट पर 20 मिनट के लिए स्थगित कर दी।

दीपक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)