देश की खबरें | सरकार ने सीआईसी में सूचना आयुक्त के पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किये

नयी दिल्ली, 21 दिसंबर केंद्र सरकार ने केंद्रीय सूचना आयोग (सीआईसी) में सूचना आयुक्त के पदों को भरने के लिए पात्र उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किये हैं।

पारदर्शिता निकाय सीआईसी की अगुवाई केंद्रीय सूचना आयुक्त करते हैं और उसमें अधिकतम 10 सूचना आयुक्त हो सकते हैं। कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार जिन व्यक्तियों की उम्र 65 हो गयी है वे नियुक्ति के लिए पात्र नहीं होंगे।

उसने कहा, ‘‘केंद्रीय सूचना आयोग में अधिकतम छह सूचना आयुक्तों, जिसकी जरूरत है, को नियुक्त करने का प्रस्ताव है।’’

सूचना का अधिकार कानून कहता है कि सूचना आयुक्त एक ऐसा जाना-माना व्यक्ति होगा जिसके पास कानून, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, समाज सेवा, प्रबंधन, पत्रकारिता, जनसंचार या प्रशासन एवं शासन का ज्ञान एवं अनुभव होगा।

आदेश में कहा गया है कि जो इस शर्त पर खरा उतरते हैं और सूचना आयुक्त के पद के लिए इच्छुक हैं, वे 12 जनवरी, 2023 तक शाम पांच बजे तक निर्धारित प्रपत्र में अपना विवरण भेज सकते हैं।

उसमें कहा गया है, ‘‘ जो व्यक्ति किसी राज्य/केंद्र सरकार या किसी अन्य संगठन में कार्यरत हैं, उन्हें बस निर्धारित तिथि से पहले उपयुक्त माध्यम /तरीके (प्रशासनिक मंत्रालय/विभाग/राज्य/केंद्रशासित प्रदेश) से अपना विवरण भेजना चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)