देश की खबरें | सरकार ने पठानकोट वायुसेना स्टेशन पर हमले के पाकिस्तानी आका को आतंकवादी घोषित किया

नयी दिल्ली, 12 अप्रैल सरकार ने 2016 में पठानकोट वायुसेना स्टेशन पर हुए आतंकवादी हमले के पाकिस्तानी आका अली काशिफ जान को आतंकवादी घोषित किया है।

जान उर्फ ​​जान अली काशिफ तीसरा आतंकवादी है जिसे केंद्र सरकार ने पिछले पांच दिनों में आतंकवादी घोषित किया है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक अधिसूचना में कहा कि जनवरी 2016 में पठानकोट वायुसेना स्टेशन पर हुए आतंकी हमले का आका अली काशिफ जान था जिसमें सात सुरक्षाकर्मियों और एक आम नागरिक की जान चली गई थी।

जान (42) आतंकवादी समूह का अभियान कमांडर है और खूंखार आतंकी समूह जैश-ए-मोहम्मद की प्रमुख योजना समिति का हिस्सा है।

गृह मंत्रालय ने कहा कि जान पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद के ‘लॉन्चिंग पैड’ से काम करना जारी रखे हुए है और वह भारत में हमलों की योजना के तहत आतंकवादियों की भर्ती करने में लगातार शामिल रहा है।

जान पर राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) द्वारा दर्ज किए गए और इसकी जांच के दायरे वाले विभिन्न मामलों में भी आरोप है। इन मामलों में उसे भगोड़ा घोषित किया गया था।

पठानकोट वायुसेना स्टेशन पर हुए आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानी जांचकर्ताओं की पांच सदस्यीय टीम ने स्टेशन का दौरा किया था और तीन दिन तक सबूत एकत्र किए थे तथा गवाहों और अन्य लोगों से मुलाकात की थी।

हालांकि, पाकिस्तानी टीम ने स्वदेश लौटने के बाद हमले के लिए उल्टा भारत को जिम्मेदार बताया था।

जान का जन्म 30 जनवरी 1982 को हुआ था और वह पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के चारसद्दा का निवासी है। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था। जान अब तक 34वां व्यक्ति है जिसे सरकार ने आतंकवादी घोषित किया है।

सरकार ने आठ अप्रैल को लश्कर-ए-तैयबा के सरगना और 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के बेटे हाफिज तल्हा सईद को आतंकवादी घोषित किया था।

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 2019 में सीआरपीएफ की बस पर हुए आतंकी हमले में शामिल पाकिस्तानी नागरिक मोहिउद्दीन औरंगजेब आलमगीर को सोमवार को आतंकी घोषित किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)