जरुरी जानकारी | सरकार ने राकेश झुनझुनवाला समर्थित आकाश एयर को भारत में परिचालन की मंजूरी दी

नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर नागर विमानन मंत्रालय ने राकेश झुनझुनवाला समर्थित नयी एयरलाइन 'आकाश एयर' के भारत में परिचालन के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) दे दिया है। कंपनी के एक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी।

होल्डिंग कंपनी, एसएनवी एविएशन प्राइवेट लिमिटेड ने कहा कि नयी एयरलाइन का लक्ष्य वर्ष 2022 की गर्मियों तक परिचालन शुरू करने का है।

आकाश एयर को दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला और जेट एयरवेज के पूर्व सीईओ विनय दूबे का समर्थन प्राप्त है।

बयान में आकाश एयर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी- दूबे के हवाले से कहा गया है, ‘‘हम नागर विमानन मंत्रालय द्वारा दिये गये समर्थन और एनओसी को लेकर बेहद खुश और आभारी हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम आकाश एयर को सफलतापूर्वक शुरू करने के लिए आवश्यक सभी नियमों के अनुपालनों को लेकर नियामकीय प्राधिकरणों के साथ काम करना जारी रखेंगे।’’

आकाश एयर के निदेशक मंडल में इंडिगो के पूर्व अध्यक्ष आदित्य घोष भी हैं।

एयरलाइन की योजना अगले चार वर्षों में लगभग 70 विमानों के परिचालन की है।

एयरबस के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी क्रिश्चियन शेरेर ने पिछले हफ्ते पीटीआई- को बताया कि एयरबस एक विमान खरीद सौदे के लिए आकाश के साथ बातचीत कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)