देश की खबरें | जनजातीय समुदाय की महिला का राष्ट्रपति चुना जाना देश के लिए स्वर्णिम क्षण: नड्डा

नयी दिल्ली, 21 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने देश की नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बृहस्पतिवार को बधाई दी और कहा कि जनजातीय समुदाय की एक महिला का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद के लिए चुना जाना एक स्वर्णिम क्षण है।

नड्डा ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘द्रौपदी मुर्मू को देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में चुने जाने पर हार्दिक बधाई।

जनजातीय समाज की महिला का राष्ट्रपति पद तक पहुंचना, देश के लिए स्वर्णिम क्षण हैं।’’

भाजपा अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि मुर्मू के प्रशासनिक व सामाजिक कार्यो की दक्षता व अनुभव से राष्ट्र को अप्रतिम लाभ मिलेगा।

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘‘अंत्योदय का लक्ष्य लेकर सामाजिक परिवर्तन से राष्ट्र निर्माण में रत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में द्रौपदी मुर्मू का देश के सर्वोच्च पद पर आसीन होना दर्शाता है कि भाजपा सरकार हर वर्ग के कल्याण हेतु संकल्पबद्ध है।’’

राष्ट्रपति चुनाव में मुर्मू ने विपक्षी दलों के संयुक्त उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को पराजित किया। देश की 15वीं और आदिवासी समुदाय से ताल्लुक रखने वाली मुर्मू देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति होंगी। वह वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का स्थान लेंगी।

ब्रजेन्द्र

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)