पणजी, 10 मार्च गोवा की 40 सदस्यीय नयी विधानसभा में इस बार तीन दंपति कदम रखेंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की निवर्तमान सरकार में स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने वालपई जबकि उनकी पत्नी दिव्या ने पोरियम सीट से जीत दर्ज की है।
विश्वजीत ने 8,085 मतों के अंतर से जीत हासिल की है तो दिव्या ने अपने निकतम प्रतिद्वंद्वी को 13,943 मतों से हराया।
कांग्रेस के माइकल लोबो ने अपनी पारंपरिक सीट कलंगुट जबकि उनकी पत्नी डिलायला ने भी कांग्रेस के टिकट पर शिवोली सीट से जीत हासिल की है।
भाजपा के आतानासियो मोन्सेरात ने पणजी जबकि उनकी पत्नी जेनिफर ने तालेगांव से जीत दर्ज की।
हालांकि तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार कांदोलकर दंपति की किस्मत ने साथ नहीं दिया। कविता कांदोलकर को थिवी जबकि उनके पति किरन को हलदोणे सीट से हार का सामना करना पड़ा है।
कविता को भाजपा के मौजूदा विधायक नीलकंठ रामनाथ हलर्णकर से जबकि किरन को कार्लोस अल्वारेस फरेरासे हार का सामना करना पड़ा।
तृणमूल कांग्रेस के दो अन्य उम्मीदवारों चर्चिल आलेमाव और उनकी बेटी वलांका को भी हार का सामना करना पड़ा है। चर्चिल बाणावली से जबकि वलांका नावेली से उम्मीदवार थीं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY