देश की खबरें | सड़क नियमों को लेकर स्वचालित निगरानी प्रणाली लाने पर विचार कर रही है गोवा सरकार

पणजी, 29 जुलाई गोवा के लोक निर्माण विभाग के मंत्री नीलेश कैबराल ने जुआरी नदी पुल पर हाल ही में हुए हादसे के आलोक में शुक्रवार को कहा कि गोवा सरकार सड़कों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चौबीसों घंटे नजर रखने के लिए एक निजी कंपनी के साथ ‘स्वचालित निगरानी प्रणाली’ को लेकर समझौता करने पर विचार कर रही है।

मंत्री ने पत्रकारों से कहा कि गोवा सरकार इस परियोजना को ‘बिल्ड-ओन-ऑपरेट-ट्रांसफर’ के आधार पर एक निजी कंपनी को सौंपना चाहती है।

‘बिल्ड-ओन-ऑपरेट-ट्रांसफर’ के तहत, एक सरकारी संस्था एक निजी क्षेत्र की कंपनी को निर्दिष्ट समय के लिए कुछ अधिकार देती है।

जुआरी नदी के संबंध में किए एक सवाल के जवाब में कैबराल ने कहा, ‘‘ राज्य सरकार सड़कों पर चौबीसों घंटे नजर रखना चाहती है, ताकि तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों, गलत स्थानों पर ‘ओवरटेक’ करने वालों सहित अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों का पता लगाया जा सके।’’

गौरतलब है कि दक्षिण गोवा जिले में जुआरी नदी में बृहस्पतिवार तड़के एक एसयूवी के गिरने से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई थी।

मंत्री ने कहा कि पुलिस कर्मी दिन-रात निगरानी नहीं कर सकते और इस लिए स्वचालित निगरानी प्रणाली जरूरी है।

कैबराल ने कहा कि स्वचालित सड़क निगरानी प्रणाली स्थापित करने के वास्ते निजी कंपनियों से प्रस्ताव आमंत्रित करने के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रोहन खुंटे से भी बात की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)