पणजी, 11 फरवरी भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने शुक्रवार को कहा कि सिर्फ उनकी पार्टी अपने आदर्शों पर चलती है और सामूहिकता में विश्वास करती है, जबकि विपक्षी दलों को परिवार चला रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सबको साथ लेकर चलती है...अन्य दल सेवा के नाम पर मेवा पाने की ताक में रहते हैं।’’
चुनावी राज्य गोवा में नड्डा ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी भी है, जो अपने शासन का रिपोर्ट कार्ड लोगों तक ले गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जो अपने आदर्शों पर चलती है। भाजपा को छोड़ कर अन्य सभी दल परिवार द्वारा संचालित दल बन गये हैं। ’’
नड्डा ने जम्मू कश्मीर में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी और नेशनल कांफ्रेंस, पंजाब में अकाली दल, महाराष्ट्र में शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, आंध्र प्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस, तेलंगाना में टीआरएस, पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस, उत्तर प्रदेश में समाजवादी पाार्टी और राष्ट्रीय लोक दल को परिवार द्वारा संचालित दल बताया।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा सबको साथ लेकर चलती है...अन्य दल सेवा के नाम पर मेवा पाने की ताक में रहते हैं। उनका उद्देश्य अपने परिवारों का कल्याण करना है। ’’
भाजपा अध्यक्ष ने गोवा में पार्टी की मुख्य प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस पर तंज करते हुए कहा, ‘‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अब भारतीय पार्टी नहीं रह गई है, ना ही यह राष्ट्रीय रह गई है। अब यह भाई-बहन की पार्टी बन गई है। ’’
गोवा में विधानसभा चुनाव 14 फरवरी को होने हैं। परिणामों की घोषणा 10 मार्च को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY