देश की खबरें | गहलोत, डोटासरा व पूनियां ने पायलट को जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

जयपुर, सात सितम्बर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां और अन्य नेताओं ने सोमवार को पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट को उनके जन्म दिवस पर शुभकामनाएं दीं।

टोंक से विधायक पायलट ने सोमवार को अपना 43वां जन्मदिन मनाया। उनके समर्थकों ने इस उपलक्ष में अनेक जगह पर रक्तदान शिविर लगाए।

यह भी पढ़े | Rahul Gandhi on Privatisation: राहुल गांधी का प्राइवेटाइजेशन को लेकर केंद्र पर साधा निशाना, कहा-रोजगार व जमा पूंजी को नष्ट कर रही है सरकार.

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट के जरिये पायलट को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘‘आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं सचिन पायलट जी। आपको खुशी, अच्छी सेहत और लंबी उम्र का आशीर्वाद मिले।’’

पायलट ने गत जुलाई महीने में गहलोत के नेतृत्व का विरोध किया था जिससे राज्य की कांग्रेस सरकार की स्थिरता को लेकर आशंकाएं जताई जाने लगी थीं। हालांकि पार्टी आलाकमान के हस्तक्षेप के बाद पायलट व उनके साथ गए 18 विधायक वापस लौट आए और महीने भर चला राजनीतिक सकंट समाप्त हो गया। इस बीच पायलट को उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष पद से हटा दिया गया।

यह भी पढ़े | Rajasthan Panchayat Election 2020: राजस्थान में 27 जिलों में 3848 पदों के लिए 28 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चार चरणों में डाले जाएंगे वोट, आचार संहिता लागू.

कांग्रेस के नये प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां और अन्य नेताओं ने कांग्रेस नेता को उनके जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं दी।

पायलट के समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने नेता के प्रति निष्ठा और अपनी मजबूती दिखाने के लिये सभी जिलों में रक्तदान शिवरों का आयोजन किया।

कोरोना वायरस महामारी के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिये सचिन पायलट द्वारा अपने समर्थकों को उनके जन्मदिन पर जयपुर नहीं आने की अपील किये जाने के बाद उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने सभी जिलों में रक्तदान शिविर आयोजन करने का फैसला किया।

पायलट ने 'पीटीआई—' से कहा, ‘‘मैं पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को मेरे जन्मदिन पर रक्तदान शिविर आयोजित करने के लिये धन्यवाद देता हूं। इन्होंने अच्छी संख्या में ब्लड यूनिट एकत्रित की है। कोरोना वायरस की चेतावनी के कारण रक्तदान करने वालों की संख्या में कमी आई है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)