जरुरी जानकारी | गडकरी ने हिमाचल को 4,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं समर्पित कीं

हमीरपुर, पांच मार्च केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में 4,000 करोड़ रुपये की 15 राष्ट्रीय राजमार्ग और रोपवे परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।

इस अवसर पर यहां पुलिस लाइन परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह भी मौजूद थे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी ऑनलाइन माध्यम से इसमें शामिल हुए।

गडकरी ने विक्रमादित्य सिंह की मांग पर हिमाचल प्रदेश में सड़कों और पुलों के लिए अतिरिक्त 150 करोड़ रुपये देने की घोषणा करते हुए राज्य सरकार से इस संबंध में प्रस्ताव भेजने को कहा।

उन्होंने हमीरपुर बाईपास को चार लेन का बनाने और शिमला-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग को चार लेन बनाने की प्रक्रिया तेज करने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में 125 करोड़ रुपये के काम कराए जाएंगे।

उन्होंने एक सभा में कहा कि भाजपा और विकास एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और वर्ष 2024 तक राज्य में एक लाख करोड़ रुपये के काम पूरे हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रगति जारी रहेगी।

उन्होंने लोगों से विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और भारत को आर्थिक रूप से तीसरी दुनिया की शक्ति बनाने के लिए पीएम मोदी के साथ हाथ मिलाने को कहा।

इस अवसर पर ठाकुर ने कहा कि गडकरी ने मांगी हुई हर चीज दी है। सड़कों की लंबाई 96,000 से बढ़कर 1.5 लाख किलोमीटर हो गई है।

वहीं कांग्रेस शासित राज्य सरकार में मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वह दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हिमाचल को आगे ले जाने में विश्वास रखते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हम उन शक्तियों का पुरजोर समर्थन करेंगे जो हिमाचल को आगे ले जाने में हमारा साथ देंगी ताकि राज्य के विकास की राह में कोई बाधा न आए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)