नयी दिल्ली, 26 अगस्त अगले महीने के जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रतिनिधियों और अन्य आगंतुकों की मदद के लिए प्रमुख पर्यटन केंद्रों, हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी पर विशेष रूप से सुसंस्कृत व्यवहार में प्रशिक्षित लगभग 400 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। यह जानकारी अधिकारियों ने शनिवार को दी।
उपराज्यपाल कार्यालय के अधिकारियों ने कहा कि 'पर्यटक पुलिस' लिखे बहुउद्देशीय वाहनों में चलने वाले इन कर्मियों को स्मारकों, लोकप्रिय बाजारों, हवाई अड्डा टर्मिनल, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) और रेलवे स्टेशन जैसे 21 स्थानों पर तैनात किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक टीम में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस का एक कमांडो, एक गनमैन और एक चालक के साथ प्रभारी के रूप में परिवीक्षाधीन उप-निरीक्षक होंगे।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक पर्यटक पुलिस इकाई के सदस्य को दिल्ली पर्यटन और अन्य एजेंसियों के सहयोग से एक प्रशिक्षण कार्यक्रम से गुजरना पड़ा है, जिस दौरान उन्हें सुसंस्कृत व्यवहार में प्रशिक्षित किया गया। उन्होंने बताया कि साथ ही इन कर्मियों को अंग्रेजी बोलने सहित प्रभावी संचार का प्रशिक्षण भी दिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, इन इकाइयों को पर्यटकों के लिए क्या करना है और क्या नहीं करना है, इसको लेकर पुस्तिकाएं, दिल्ली एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के भौतिक और डिजिटल मानचित्र, टैक्सी के नवीनतम किराया चार्ट, महत्वपूर्ण वाणिज्यिक एवं सांस्कृतिक स्थानों की सूची भी प्रदान की गई है।
अधिकारियों ने कहा कि अप्रैल में, दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने जी20 शिखर सम्मेलन की तैयारियों पर प्रारंभिक बैठकों में से एक बैठक में दिल्ली पुलिस को आयोजन के दौरान आगंतुकों, पर्यटकों और प्रतिनिधियों की सहायता के लिए विशेष रूप से नियुक्त एवं प्रशिक्षित कर्मियों को तैनात करने का निर्देश दिया था।
अधिकारियों ने कहा कि पर्यटकों की सहायता के लिए एक विशेष हेल्पलाइन शुरू की गई है।
जिन प्रमुख स्थानों पर पर्यटक पुलिस दल तैनात किये जाएंगे उनमें नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन के अजमेरी गेट एवं पहाड़गंज प्रवेशद्वार, हौजखास गांव, पालिका बाजार, लालकिला, जनपथ, कनॉट प्लेस, राजघाट, हुमायूं का मकबरा, जामा मस्जिद, अक्षरधाम, लोटस टेम्पल, कुतुब मीनार, इंडिया गेट और एयरोसिटी महिपालपुर एवं अन्य शामिल हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY