देश की खबरें | जी20 सम्मेलन: दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ानों के आगमन, प्रस्थान पर निगरानी के लिए दल बनाया

नयी दिल्ली, छह सितंबर जी20 के प्रतिनिधियों के लिए निर्बाध आव्रजन मंजूरी सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली हवाई अड्डे पर एक समर्पित द्वार और गलियारा होगा। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम शिखर सम्मेलन से संबंधित आगमन और प्रस्थान संचालन की निगरानी करेगी।

दिल्ली हवाई अड्डा संचालक दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) ने बुधवार को कहा कि उसने जी20 शिखर सम्मेलन से संबंधित उड़ानों के आगमन और प्रस्थान की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों का एक दल बनाया है।

राष्ट्रीय राजधानी में नौ और 10 दिसंबर को शिखर सम्मेलन का आयोजन होना है।

डायल ने बुधवार को कहा कि वीवीआईपी विमानों के लिए आवश्यक संख्या में पार्किंग स्थान उपलब्ध हैं और शिखर सम्मेलन के लिए अधिकांश अतिथि विशेष उड़ानों या विशेष वीआईपी उड़ानों से आएंगे।

डायल के सीईओ विदेह कुमार जयपुरियार ने एक संदेश में कहा, ‘‘कई मेहमान पालम की ओर वायु सेना स्टेशन पर पहुंचेंगे, वहीं कई अन्य राष्ट्राध्यक्षों के साथ-साथ प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्य भी टर्मिनल-3 पर आने वाले हैं। हमने उनके लिए विशेष व्यवस्था की है।’’

उन्होंने कहा कि जी20 प्रतिनिधियों के लिए समर्पित द्वार और एक समर्पित गलियारा होगा ताकि निर्बाध तरीके से आव्रजन सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि सम्मेलन के दौरान सामान्य यात्रियों को भी कोई असुविधा नहीं होगी।

'डायल' ने एक विज्ञप्ति में बताया कि उसने शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों के लिए हवाई अड्डे पर कई प्रावधानों की सतर्कतापूर्ण व्यवस्था की है।

विज्ञप्ति में बताया गया, ‘‘डायल ने वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम बनाई है जो आने वाले प्रतिनिधियों के लिए सर्वोत्तम अनुभव सुनिश्चित करने के लिए जी20 से संबंधित आगमन और प्रस्थान संचालन की निगरानी करेगी।''

हवाई अड्डा संचालक, अतिथियों की सुविधाओं के लिए आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और दिल्ली सरकार समेत विभिन्न सरकारी विभागों के साथ काम कर रही है।

राष्ट्रीय राजधानी में डायल द्वारा संचालित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (आईजीआईए) देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा है और इस पर प्रतिदिन लगभग 1,300 उड़ानों का संचालन होता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)