देश की खबरें | जी20: पर्यावरण एवं जलवायु स्थिरता कार्य समूह की पहली बैठक शुरू

बेंगलुरु, नौ फरवरी जी-20 समूह की भारत की अध्यक्षता के तहत पर्यावरण एवं जलवायु स्थिरता कार्य समूह की पहली बैठक आज यानी बृहस्पतिवार को बेंगलुरु में शुरू हुई जिसमें खनन तथा वन में आग लगने से प्रभावित इलाकों के पुनरुद्धार पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा आयोजित इस सम्मेलन की अध्यक्षता मंत्रालय की सचिव लीना नंदन करेंगी। इस कार्य समूह की फरवरी और मई के बीच चार बैठक होगी।

बेंगलुरु में शुरू हुई पहली बैठक नौ फरवरी तक चलेगी, दूसरी बैठक गांधीनगर (27-29 मार्च) में होगी, तीसरी मुंबई (21-23 मई) में और चौथी चेन्नई (26-27 मई) में होगी। मंत्री स्तरीय बैठक चेन्नई में 28 जुलाई को होने की संभावना है।

जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए एक एकीकृत, व्यापक और सर्वसम्मत दृष्टिकोण अपनाने के लक्ष्य के साथ जी-20 देशों के कई प्रतिनिधि अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ इस बैठक में शामिल हो रहे हैं।

भारत द्वारा जी20 समूह की अध्यक्षता का उद्देश्य जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए एक एकीकृत, व्यापक और सर्वसम्मत दृष्टिकोण अपनाना है और सतत विकास को आगे बढ़ाना है।

इसका विषय ‘लाइफ’ - पर्यावरण के अनुकूल जीवन शैली को बढ़ावा देगा।

अधिकारियों ने बताया कि ‘लाइफ’ एक महत्वपूर्ण विषय है।

उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय बैठक के दौरान पारिस्थितिकी तंत्र बहाली और जैव विविधता पद्धति पर एक कार्यक्रम का भी आयोजन होगा।

जी20 समूह दुनिया की प्रमुख विकसित और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं का एक अंतर-सरकारी मंच है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)