जरुरी जानकारी | फ्यूचर रिटेल को दूसरी तिमाही में 692 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा

नयी दिल्ली, 13 नवंबर फ्यूचर रिटेल लि. को सितंबर में समाप्त चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 692.36 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध घाटा हुआ है। कोविड-19 महामारी की वजह से पैदा हुई अड़चनों के कारण कंपनी को भारी घाटा उठाना पड़ा है।

इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 165.08 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। बीएसई को भेजी सूचना में कंपनी ने यह जानकारी दी।

यह भी पढ़े | 7th Pay Commission: दिवाली पर मोदी सरकार ने लिया एक और फैसला, इन सरकारी कर्मचारियों को होगा फायदा.

कंपनी के प्रवर्तकों ने अपने खुदरा कारोबार को 24,713 करोड़ रुपये में रिलायंस इंडस्ट्रीज की कंपनी रिलायंस रिटेल वेंचर्स को स्थानांतरित करने के सौदे की घोषणा की है।

तिमाही के दौरान कंपनी की परिचालन आय 73.86 प्रतिशत घटकर 1,424.21 करोड़ रुपये रही, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 5,449.06 करोड़ रुपये रही थी। कंपनी ने कहा कि कोविड-19 महामारी की वजह से दूसरी तिमाही में उसके कारोबारी परिचालन और वित्तीय नतीजों पर काफी असर पड़ा है।

यह भी पढ़े | Sukanya Samriddhi Yojana: पोस्ट ऑफिस की सुकन्या समृद्धि योजना से आपकी लाडली का भविष्य होगा सिक्योर, जानें स्किम से जुड़ी सभी बातें.

फ्यूचर रिटेल बिग बाजार, एफबीबी, फूडहॉल, ईजीडे और नीलगिरि जैसे खुदरा स्टोरों का परिचालन करती है। तिमाही के दौरान कंपनी का खर्च घटकर 2,181.85 करोड़ रुपये रह गया, जो इससे वित्त वर्ष की समान तिमाही के 5,304.80 करोड़ रुपये के आंकड़े से 58.87 प्रतिशत कम है।

चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में कंपनी को 1,254.31 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ है। इससे पिछले वित्त वर्ष की पहली छमाही में कंपनी ने 324.32 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। छमाही के दौरान कंपनी की परिचालन आय 73.86 प्रतिशत घटकर 2,782.22 करोड़ रुपये रह गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान छमाही में 10,646.17 करोड़ रुपये थी।

बीएसई में शुक्रवार को कंपनी का शेयर 0.07 प्रतिशत के नुकसान से 68 रुपये पर बंद हुआ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)